अलीगढ़ से वापस आएंगे 16 वेंटिलेटर

चार दिन पहले ही भेजे गए थे स्वास्थ्य विभाग वेंटिलेटर आपरेटरों की करेगा पूर्ति

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 06:58 AM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 06:58 AM (IST)
अलीगढ़ से वापस आएंगे 16 वेंटिलेटर
अलीगढ़ से वापस आएंगे 16 वेंटिलेटर

जासं, एटा : स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद से वेंटिलेटर अलीगढ़ भेजे गए थे, लेकिन चार दिन बाद ही विभाग का मूड़ बदल गया और अब यह वेंटिलेटर वापस मंगाए जा रहे हैं। अलीगढ़ भेजने के पीछे तर्क यह दिया गया था कि एटा के मरीज सबसे ज्यादा अलीगढ़ में भर्ती हैं, इसलिए यह वेंटिलेटर उन मरीजों के काम आएंगे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 16 वेंटिलेटर अलीगढ़ भेजे गए थे। इसके पीछे का कारण यह बताया गया था कि एटा में वेंटिलेटरों का संचालन करने के लिए पर्याप्त मात्रा में आपरेटर नहीं हैं। इसके अलावा फिजीशियन भी उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से यह वेंटिलेटर खाली पड़े हुए थे। संचालन हो सके इसलिए अलीगढ़ भेज दिए गए। एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था तब खाली पड़े वेंटिलेटरों का मामला सामने आया था। उस समय तय किया गया कि मैटरनिटी विग में 35 बेड का कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है, इसमें इन वेंटिलेटरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके बावजूद इन वेंटिलेटरों को अलीगढ़ भेज दिया गया।

एटा में सिर्फ छह वेंटिलेटर संचालित हैं, जो बागवाला के एल-2 और चुरथरा के एल-1 हास्पिटल में उपलब्ध हैं, लेकिन खबरें यहां तक हैं कि वेंटिलेटरों का उपयोग नहीं किया जा रहा, क्योंकि पर्याप्त मात्रा में स्वास्थ्य विभाग के पास कर्मचारी नहीं हैं। विभाग को कम से कम दर्जनभर कर्मचारी चाहिए। फिजीशियन भी होने चाहिए। जिला अस्पताल में एकमात्र फिजीशियन डा. एस चंद्रा हैं, उनकी पत्नी का स्वर्गवास हो चुका है, इस वजह से वे नहीं आ पा रहे। ऐसे में वेंटिलेटरों की देखभाल करने के लिए स्टाफ नहीं है। अब स्वास्थ्य विभाग स्टाफ की पूर्ति की बात कह रहा है और वेंटिलेटर अलीगढ़ से मंगाने का आदेश दे दिया गया है।

एटा से 16 वेंटिलेटर अलीगढ़ भेजे गए थे, जिन्हें अब वापस मंगाया जा रहा है। उनका उपयोग एटा में ही किया जाएगा। जो स्टाफ की कमी है उसकी व्यवस्था की जा रही है।

- डा. उमेश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी एटा

chat bot
आपका साथी