मंडी समिति पर वाहनों का जमावड़ा, शहर तक लगा जाम

परेशान हुए राहगीर पुलिस ने मशक्कत करते हुए मार्ग से हटवाया जाम

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 05:26 AM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 05:26 AM (IST)
मंडी समिति पर वाहनों का जमावड़ा, शहर तक लगा जाम
मंडी समिति पर वाहनों का जमावड़ा, शहर तक लगा जाम

जासं, एटा: धान बिक्री करने के लिए वाहनों के साथ मंडी समिति पहुंचे किसानों के वाहनों की अधिकता होने के कारण अलीगंज रोड मंडी गेट पर जाम लग गया। इस कारण शहर तक हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। पुलिस ने मशक्कत करते हुए यातायात सुचारू कराया। लोगों को करीब पांच घंटे बाद राहत मिल सकी।

इनदिनों मंडी समिति में अनाज बिक्री करने के लिए किसानों की हर रोज भीड़ बढ़ रही है। बिक्री करने से पहले किसान अनाज की तौल कराते हैं। इसके लिए उन्हें अलीगंज रोड पर बने धर्मकांटो पर जाना पड़ता है। जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग जाती है। शुक्रवार को मंडी समिति का जीटी रोड की तरफ वाला गेट कुछ समय के लिए बंद रहा। इसे लेकर अलीगंज मार्ग से ही चालकों को वाहन अंदर ले जाने पड़े। इससे मंडी गेट से लेकर शीतलपुर और कुसाड़ी गांव तक वाहनों की कतार लग गई। जल्दबाजी करते हुए चालकों ने ट्रैक्टरों को आड़ा तिरक्षा खड़ा कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। जिसे देख कुछ लोगों को वाहन वापस करके दूसरे मार्गो का सहारा लेना पड़ा। अलीगंज रोड मंडी समिति पर लगे जाम की धमक शहर तक पहुंच गई। इसे लेकर शहर के अंदर हाईवे के साथ ही आगरा रोड, शिकोहाबाद मार्ग, रेलवे रोड और ठंडी सड़क पर जाम लग गया। इसे लेकर पैदल निकलना भी लोगों को दूभर हुआ। शहर के अंदर जाम लगने की जानकारी पर सक्रिय हुई पुलिस ने मशक्कत करते हुए जाम को हटवाया। इसके बाद करीब पांच घंटे बाद लोगों को जाम के झाम से निजात मिल सकी।

-------

जाम में फसी एंबुलेंस

हाईवे और अलीगंज रोड पर जाम लगने के कारण एंबुलेंस भी मरीजों को लेकर अस्पताल तक सही तरीके से नहीं पहुंच सकीं। वाहनों के बीच फसी एंबुलेंस देर तक निकलने के लिए सायरन की आवाज करती रहीं, मगर उन्हें निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल सका। इसे लेकर चालक और मरीज को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

chat bot
आपका साथी