राजा का रामपुर में छह उपद्रवी पकड़े, मतपेटिकाएं बरामद

फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी मतदान कर्मियों के साथ की थी मारपीट जागरण संवाददाता ए

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 04:46 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 04:46 AM (IST)
राजा का रामपुर में छह उपद्रवी पकड़े, मतपेटिकाएं बरामद
राजा का रामपुर में छह उपद्रवी पकड़े, मतपेटिकाएं बरामद

फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी

मतदान कर्मियों के साथ की थी मारपीट

जागरण संवाददाता, एटा : राजा का रामपुर पुलिस ने मतदान कर्मियों से मारपीट कर मतपेटिकाएं लूटने के मामले में छह उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर लूटी गईं दोनों मतपेटिकाएं बरामद कर ली गई हैं। पुलिस उपद्रव में शामिल अन्य आरोपितों की वीडियो के आधार पर तलाश कर रही है।

बुधवार सुबह पुलिस ने ग्राम कैला निवासी संगम शाक्य, बंटी भदौरिया, श्यामू उर्फ रूपेंद्र राठौर, शिवकुमार शाक्य, रामलड़ैते तथा अमन राठौर को गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गईं मतपेटिकाओं के संबंध में आरोपितों से पूछताछ की। सख्ती के बाद आरोपितों ने मतपेटिकाएं बरामद करा दीं। उपद्रवियों ने मतदान के दौरान मतदान कर्मियों और पुलिस के साथ मारपीट करने का जुर्म स्वीकार किया है। राजा का रामपुर के इंस्पेक्टर नरेश सिंह ने बताया कि उपद्रव में शामिल अन्य आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगी हुईं हैं।

बता दें कि मतदान के दौरान बूथ संख्या 63 व 64 पर शाम 5.45 बजे पहुंचे 100 से अधिक उपद्रवियों ने पीठासीन अधिकारियों व पुलिस कर्मियों से मारपीट भी की। इस दौरान उपद्रवी दो मतपेटिकाएं लूटकर ले गए थे। मंगलवार को आइजी दीपक कुमार ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस को उपद्रवियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए थे। उपद्रव की रिपोर्ट बूथ संख्या 63 के पीठासीन अधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय तथा 64 के प्रेम किशोर ने 100 से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई थी। जैथरा में मतपत्र लूटने का आरोपित गिरफ्तार: जैथरा थाना क्षेत्र में मतदान के दौरान मतपत्र लूटने के एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 10 अन्य उपद्रवियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।

मंगलवार देर शाम पुलिस ने ग्राम सहोरी स्थित प्राइमरी पाठशाला के बूथ संख्या 12 पर मतदान कर्मियों से मारपीट कर मतपत्र लूटने में शामिल रहे ग्राम नगला मनिका निवासी रामनरेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अन्य उपद्रवियों की तलाश में आधा दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर दविश भी दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। बता दें कि सोमवार को मतदान के दौरान दोपहर 3 बजे रामनरेश 10 अन्य साथियों समेत मतदान केंद्र के बूथ संख्या 12 पर पहुंचा था। इस दौरान मतदान कर्मियों से मारपीट करते हुए उपद्रवी 84 मतपत्र लेकर भाग गए थे। मामले की रिपोर्ट पीठासीन अधिकारी कृपाशंकर सिंह ने 11 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज कराई थी। जैथरा के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि फरार उपद्रवियों की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी