करवा चौथ की तैयारी, बाजारों में बंपर खरीदारी

कपड़े की दुकानों पर उमड़ रहीं महिलाएं कोरोना की गाइड लाइन भी दरकिनार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 06:51 AM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 06:51 AM (IST)
करवा चौथ की तैयारी, बाजारों में बंपर खरीदारी
करवा चौथ की तैयारी, बाजारों में बंपर खरीदारी

एटा: करवा चौथ के त्योहार को लेकर बाजारों में बंपर खरीदारी हो रही है। इन दिनों महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ रही है। वे कपड़े, सौंदर्य की वस्तुएं ज्वेलरी आदि चीजें खरीद रही हैं। मुख्य बाजारों में दुकानदारों को इन दिनों फुर्सत नहीं है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना की गाइड लाइन को भी दरकिनार किया जा रहा है। तमाम महिलाएं बिना मास्क के ही बाजारों में दिखाई दे रही हैं।

करवा चौथ चार नवंबर का है। महिलाएं पूरे उत्साह के साथ तैयारी कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी आने वाली महिलाओं की तादाद कम नहीं है। बाबूगंज, गांधी मार्केट में कपड़े की तमाम दुकानें हैं, जिन पर पहुंचकर खरीदारी कर रहीं हैं। बाजारों में महिलाओं की कपड़ों में पहली पसंद साड़ी है। दुकानों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक रेंज में साड़ियां उपलब्ध हैं, जो इस बार महंगी भी हैं। फिर भी खरीदारी हो रही है। इसके अलावा लहंगा भी आकर्षक रेंज में उपलब्ध हैं, इनकी कीमत चार-पांच हजार रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक है। इसी तरह साड़ियों की कीमत भी दो हजार से लेकर 10 हजार और उससे ऊपर भी है। अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार महिलाएं खरीदारी कर रहीं हैं। ज्वेलरी की भी खरीदारी:

महिलाएं ज्वेलरी की भी खरीदारी कर रहीं हैं। सर्राफ की दुकानों पर भी ग्राहकों की आमद बढ़ गई है। इसके अलावा बाजार में उपलब्ध आर्टिफिशियल ज्वेलरी की भी खरीदारी हो रही है। सौंदर्य का सामान भी महिलाओं की पहली पसंद है।

chat bot
आपका साथी