भगवान पा‌र्श्वनाथ की भक्ति में रमे लोग, मनाया जन्मकल्याणक

जागरण संवाददाता, एटा: बुधवार को जैन समाज भगवान पा‌र्श्वनाथ की भक्ति से सराबोर दिखा। भगवान के

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Dec 2017 10:47 PM (IST) Updated:Wed, 13 Dec 2017 10:47 PM (IST)
भगवान पा‌र्श्वनाथ की भक्ति में रमे लोग, मनाया जन्मकल्याणक
भगवान पा‌र्श्वनाथ की भक्ति में रमे लोग, मनाया जन्मकल्याणक

जागरण संवाददाता, एटा: बुधवार को जैन समाज भगवान पा‌र्श्वनाथ की भक्ति से सराबोर दिखा। भगवान के जन्मकल्याणक के मौके पर सुबह से ही श्रद्धा भक्ति का अतिरेक जिनालयों में रहा। इस मध्य मंत्रोच्चारण के साथ श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान को अर्घ अर्पित किए। दूसरी ओर एटा व जलेसर में भगवान की भव्य रथयात्रा बैंडबाजों के साथ धूमधाम से निकली। मुख्यालय पर रथयात्रा में भक्तों की संख्या का अतिरेक देखते ही बना।

शहर के प्रेमनगर स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर नशिया जी में सुबह भगवान पा‌र्श्वनाथ का अभिषेक पूजन भक्ति और श्रद्धा के साथ किया गया। तदुपरांत उनके जन्म कल्याणक को लेकर विशेष पूजा अर्चना तथा जैन विद्वानों द्वारा उनके जीवन से सीख लेकर मोक्ष का मार्ग प्राप्त करने को मार्गदर्शन दिया। दोपहर तक मंत्रों की गूंज और अर्घों के साथ जिनालय में चहुंओर सुगंध के अहसास से श्रावक-श्राविकाओं में भी भक्ति का ज्वार देखते ही बना।

दोपहर बाद मंदिर से भगवान पा‌र्श्वनाथ की रथयात्रा बैंडबाजों के साथ शुरू हुई। भगवान को रथ पर विराजित किया गया। तदुपरांत यात्रा शिकोहाबाद रोड, हाथी गेट, बली मुहम्मद चौराहा, महावीर पार्क, घंटाघर होते हुए आगे बढ़ती गई। इस मध्य घंटाघर पर रथयात्रा समिति द्वारा समाज के विभिन्न लोगों का सम्मान किया गया। रथयात्रा में संस्कारी बालकों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में संचालित जैन संस्कारशाला के विद्यार्थी माथे पर मुकुट और धार्मिक परिधानों में हर किसी का मन मोह रहे थे। शाम को रथयात्रा का समापन प्रेमनगर स्थित जिनालय पर हुआ, जहां भगवान की 1001 दीपों से महा आरती उतारी गई। इस मध्य भगवान के जयघोष गूंजते रहे। कार्यक्रम में आनंद जैन, सुरेशचंद्र जैन, पदमचंद्र जैन, प्रदीप जैन गुड्डृ, अनिल जैन, प्रबंधक कैलाशचंद्र जैन, रवि जैन, मिल्की जैन, रोहित जैन, पंकज जैन, नितिन जैन, बबिता जैन, विनीता जैन, हर्षिता जैन, मोहिनी, रीतु आदि बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं मौजूद थे।

जलेसर: नगर में चंद्रप्रभु भगवान पारसनाथ का जन्मकल्याणक महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। जैन समाज द्वारा शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। महावीरगंज स्थित पारसनाथ जिनालय में जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। जैन अनुयायियों ने दोपहर 12 बजे शेरगंज स्थित भगवान अजितनाथ जिनालय से चंद्रप्रभु भगवान पारसनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का जैन अनुयायियों ने जगह-जगह स्वागत किया तथा अपने इष्ट भगवान की आरती उतारी। इससे पूर्व प्रात:काल प्रभातफेरी का भी आयोजन किया गया। रथयात्रा में पालिकाध्यक्ष विकास मित्तल, महावीर जैन, प्रशांत जैन, विनीत जैन, आनंद कुमार, महेशचंद्र, अशोक जैन, विनोद जैन, दिनेश जैन, सतीशचंद्र, पदमचंद्र, अभयकांत, आदित्य मित्तल, ज्ञानचंद्र, मनोज, नीरज, राजा जैन, अनिल जैन, विवेक जैन, सुनील जैन, महावीर जैन, प्रमोद जैन, अनिल जैन सहित अनेक जैन अनुयायी थे।

chat bot
आपका साथी