आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढहा, महिला की मौत

गांव मिर्जापुर सई और नगला बरी में हादसे 11 घायल रेस्क्यू कर लोगों को मलबे से निकाला गया

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 05:42 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 05:42 AM (IST)
आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढहा, महिला की मौत
आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढहा, महिला की मौत

जासं, एटा: थाना रिजोर क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सई में आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढह गया। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। वहीं गांव नगला बरी में दीवार गिरने से पांच लोग मलबे में दब गए। इन सभी को समय रहते निकाल लिया गया। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

रिजोर क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सई में बुधवार सुबह 10 बजे बारिश हो रही थी, तभी हरपाल सिंह के मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे मकान की छत व दीवारें ढह गईं। हरपाल की 57 वर्षीय पत्नी बिरमा देवी घर में ही काम कर रही थीं तथा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। हादसा होने से सात लोग मलबे में दब गए। ग्रामीण एकत्रित हो गए और थाना रिजोर पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक बचाव कार्य चलता रहा। बिरमा देवी को मृत अवस्था में मलबे से निकाला गया। ब्रजेश कुमार, दुर्गेश, हरवीर, मुस्कान, रौनक, खुशबू घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के कारण पूरा घर तहस-नहस हो गया। राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के दौरान हुए नुकसान का जायजा लिया।

इसके अलावा थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला बरी में यतेंद्र के मकान की दीवार गिर गई। मलबे में अनीता, प्रतिभा, पूनम, रितिका, रिषभ आदि एक ही परिवार के सदस्य दब गए। हादसा होते ही कोहराम मच गया और तमाम लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने बड़ी ही मुश्किलों से मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को निकाला और उन्हें अस्पताल भिजवाया। सभी का उपचार चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इसके अलावा कुछ अन्य स्थानों पर भी छोटे-छोटे हादसे हुए हैं, प्रशासन हादसों के बारे में जानकारी जुटा रहा है।

chat bot
आपका साथी