श्याम विहार कालोनी में झूल रहे बिजली के तार

कई बार शिकायत कर चुके हैं नागरिक कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 05:57 AM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 05:57 AM (IST)
श्याम विहार कालोनी में झूल रहे बिजली के तार
श्याम विहार कालोनी में झूल रहे बिजली के तार

जासं, एटा: शहर के श्याम विहार कालोनी में विद्युत तार सड़क किनारे झूल रहे हैं। यहां स्कूली बच्चे भी आते-जाते हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह तार इतने नीचे हैं कि इन्हें हाथ से भी छुआ जा सकता है। कई बार नागरिकों ने शिकायत की, लेकिन शिकायतों का कोई निस्तारण नहीं हो पाया।

श्याम विहार कालोनी में विद्युत तारों की समस्या नई नहीं है। लोड तो अधिक है ही, साथ ही खंभों से घरों तक जानेवाले तारों का जंजाल बना हुआ है। केबलें इतनी जर्जर हैं कि कभी भी टूटकर गिर सकती हैं। अगर स्पार्किंग हो जाए तो तारों में आग लग सकती है। तार किसी वाहन के ऊपर भी गिर सकती हैं। थोड़ा और आगे बढ़ने पर विद्युत तार बांस-बल्लियों पर झूलते देखे जा सकते हैं। स्थिति यह है कि इन तारों के नीचे होकर गुजरने में भी डर लगता है। इसी रोड पर एक स्कूल भी है। बच्चे हर रोज आते जाते हैं। इस वजह से अभिभावकों ने भी विद्युत विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। विभाग यह कहकर पल्ला झाड़ लेता है कि लोगों ने अवैध रूप से अपने घर तक लाइन ले जाने के लिए बल्लियां लगा रखी हैं। अपने घर तक वे तार खींच ले गए हैं। समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है। अधिशासी अभियंता विद्युत शहरी क्षेत्र आरबी राय ने बताया कि अवैध रूप से लगाए गए बांस-बल्ली हटाए जाएंगे और वहां नए विद्युत खंभों की व्यवस्था की जाएगी।

विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण तार झूल रहे हैं, जिनसे हादसों का खतरा बना हुआ है। स्कूली बच्चे जब इनके नीचे से होकर गुजरते हैं तो डर लगता है।

- वीरेंद्र सिंह, नागरिक झूलते हुए तारों को तत्काल हटाया जाना चाहिए, ताकि खतरा कम हो सके। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो श्याम विहार कालोनी के नागरिक आंदोलन करेंगे।

- विजयपाल, नागरिक

chat bot
आपका साथी