डीएम सर! विद्युत विभाग में चल रहा भ्रष्टाचार

मिशन शक्ति के अंतर्गत बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हक की बात जिल

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 04:44 AM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 04:44 AM (IST)
डीएम सर! विद्युत विभाग में चल रहा भ्रष्टाचार
डीएम सर! विद्युत विभाग में चल रहा भ्रष्टाचार

एटा, जागरण संवाददाता: मिशन शक्ति के अंतर्गत बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हक की बात जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्राओं-महिलाओं ने तमाम शिकायतें-समस्याएं दर्ज कराईं।

शहर के होली गेट निवासी छात्रा मुस्कान ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मेरे ही मुहल्ले में कई लोगों से साठगांठ कर मीटर घर के अंदर लगा दिए गए हैं। लोगों के मासिक बिल 500-600 रुपये आ रहे हैं। जबकि मेरे घर का सामान्य खर्च होने पर भी तीन हजार रुपये का बिल आता है। डीएम ने इस पर मुहल्ले में चेकिग अभियान चलवाने की बात कही। घिलौआ और भगीपुर की छात्रा अनुष्का व खुशी ने राशन डीलर द्वारा घटतौली किए जाने की शिकायत रखी। डीएम ने दोनों जगह जांच कराने का आश्वासन दिया। फोन काल कर छात्रा सुरभि ने बताया कि शहर के लगभग सभी मार्ग उखड़े पड़े हैं। जिससे लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इस्लाम नगर की एक छात्रा ने बताया कि उसके पिता रिक्शा चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और अपना मकान भी नहीं है, किराये पर गुजारा कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें किसी योजना में आवास नहीं मिला। डीएम ने उन्हें आवास दिलाने को कहा। शिक्षिका सपना यादव ने बात रखी कि छात्राओं को उनकी कार्यक्षमता और करियर की संभावनाओं की जानकारी नहीं होती। जिसके चलते वह अच्छे लक्ष्य की ओर नहीं बढ़ पातीं। स्कूलों के लिए काउंसलर की नियुक्ति कर छात्राओं को मार्गदर्शन दिलाया जाए, तो काफी लाभ मिलेगा। डीएम ने इस सकारात्मक सुझाव पर उचित कार्रवाई करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा व भयमुक्त वातावरण के लिए तमाम प्रयास कर रही है। नई पीढ़ी को अब नई सोच के साथ चलना है। आशावादी बनकर जीवन का लक्ष्य बनाएं और कड़ी मेहनत करके अपने भविष्य को उज्ज्वल करें। तनु, मानसी, शीतल, रूबी, बुलबुल, भावना, साजिया खान, ज्योति राजपूत, प्राची चौहान, अनुष्का, कविता आदि छात्राओं ने भी डीएम से संवाद किया।

chat bot
आपका साथी