भारत माता के जयकारों के बीच सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा रवाना

भारत माता के जयकारों के बीच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ)

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:30 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 06:30 AM (IST)
भारत माता के जयकारों के बीच सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा रवाना
भारत माता के जयकारों के बीच सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा रवाना

जागरण संवाददाता, एटा : भारत माता के जयकारों के बीच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की साइकिल यात्रा यहां से सिकंदराराऊ के लिए रवाना हो गई। सभी साइकिल यात्री पूरे जोश में थे। यह यात्रा 2 अक्टूबर को दिल्ली स्थित राजघाट गांधी समाधि स्थल पर पहुंचेगी।

सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा शनिवार को यहां पहुंची थी। एटा में सांसद साक्षी महाराज के आश्रम पर यात्रा का पड़ाव था। सभी जवान यहां रुके और नागरिकों से भी मिले। उन्होंने गांधी दर्शन के बारे में लोगों को बताया और कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव स्वर्णिम काल है। यह एक पर्व की तरह है। इसमें सबकी भागीदारी होनी चाहिए। यात्रा का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक श्यामल ने कहा कि गांधी जी ने हमेशा अहिसा का पाठ पढ़ाया और वे राष्ट्र की एकता और अखंडता कायम रखने के पक्षधर थे। गांधी जी ने राष्ट्र को नई दिशा और समृद्ध एवं सशक्त भारत का सपना देखा था। यह सपना आज पूरा हो रहा है। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी, एसडीएम सदर अलंकार अग्निहोत्री, सीओ सिटी राजकुमार, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा आदि अधिकारी एवं नेता साक्षी आश्रम पहुंचे और साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। यहां से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया गया। सभी जवान एक ही ड्रेस में थे और साइकिलों पर सवार थे। पूरा माहौल भारत माता की जय-जयकार और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान था। यात्रा की कड़ी सुरक्षा

-----------------

सीआइएसएफ की निकाली गई साइकिल यात्रा बिहार के चंपारण से शुरू हुई थी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के स्पेशल कमांडो साइकिल यात्रियों की सुरक्षा में तैनात थे। यह कमांडो बसों में सवार होकर साइकिल यात्रियों को कवर करते हुए चल रहे थे। इसके अलावा स्थानीय पुलिस भी तैनात थी और सिकंदराराऊ बार्डर पर एटा पुलिस ने एस्कार्ट करते हुए साइकिल यात्रियों को छोड़ा। इसके बाद सुरक्षा की कमान सिकंदराराऊ पुलिस ने संभाल ली।

chat bot
आपका साथी