भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी पर मंथन

पार्टी कार्यालय में दो सपा नेताओं ने की मुलाकात लखनऊ में होगी प्रत्याशी की घोषणा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 06:30 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 06:30 PM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी पर मंथन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी पर मंथन

जासं, एटा: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने दावेदारों का फीडबैक लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी की घोषणा लखनऊ में की जाएगी। इस बीच दो सपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से अलग-अलग मुलाकात भी की।

प्रदेश अध्यक्ष शाम के वक्त एटा पार्टी कार्यालय पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष संदीप जैन, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा के विधायक वीरेंद्र लोधी, जलेसर के विधायक संजीव दिवाकर, अलीगंज के विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के साथ बैठकर बंद कमरे में एक घंटे तक विचार विमर्श किया। इसके बाद सपा नेता राजेश यादव और गिरीश यादव भी मुलाकात करने के लिए भाजपा कार्यालय पहुंचे। जिस कमरे में विधायकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष बैठक कर रहे थे उसी में दोनों की अलग-अलग मुलाकात हुई। भाजपा सूत्रों का कहना है कि दोनों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव भाजपा के बैनर पर लड़ने की इच्छा जताई। दोनों सपा नेताओं की पत्नियां जिला पंचायत सदस्य हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में भाजपा नेताओं से जिला पंचायत सदस्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली कि कौन सदस्य किस पाले में है। बैठक से बाहर आकर प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया, लेकिन उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि वे यहां कोरोना के दौरान दिवंगत हुए लोगों के परिवार वालों से मिलने के लिए आए हैं। जिला पंचायत चुनाव के बारे में आम कार्यकर्ताओं के बीच कोई चर्चा नहीं की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ कार्यकर्ताओं से इतना जरूर कहा कि पार्टी प्रत्याशी तय करने में थोड़ा समय लगेगा और प्रत्याशी की घोषणा लखनऊ में की जाएगी। कोरोना से दिवंगतों को श्रद्धांजलि:

मीटिग हाल में कोरोना से दिवंगतों को श्रद्धांजलि भी दी गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना के दौर में हम सबको कई लोग छोड़कर चले गए। संकट की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी दिवंगत हुए लोगों के परिवारों के साथ है। सरकार हरसंभव प्रभावित परिवारों को सहायता दे रही है। दिनेश चंद्र वाष्र्णेय और अशोक गुप्ता जैमिनी के घर गए:

कोरोना से दिवंगत हुए व्यापारी नेता दिनेश चंद्र वाष्र्णेय और अशोक गुप्ता जैमिनी के घर भी प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे और दोनों ही परिवारों को सांत्वना दी। इसके अलावा विजितेंद्र कुमार गुप्ता एडवोकेट की पत्‍‌नी के निधन पर शोक व्यक्त किया। वह उनके प्रेम नगर स्थित निवास पर गए थे। इस मौके पर राहुल गुप्ता एडवोकेट भी मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

chat bot
आपका साथी