चालकों की हड़ताल जारी, सेवा के लिए चार एंबुलेंस छोड़ीं

पांचवें दिन भी धरने पर बैठे रहे कर्मचारी मांगें पूरी होने तक एंबुलेंस न चलाने का एलान

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:16 AM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:16 AM (IST)
चालकों की हड़ताल जारी, सेवा के लिए चार एंबुलेंस छोड़ीं
चालकों की हड़ताल जारी, सेवा के लिए चार एंबुलेंस छोड़ीं

जासं, एटा: 108 और 102 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। एंबुलेंस कर्मचारी सेंथरी में अपनी गाड़ियां खड़ी कर मंगलवार को भी धरने पर बैठे रहे। उन्होंने एलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक वे हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। वहीं शासन की सख्ती के बाद मरीजों की सेवाओं के लिए चार एंबुलेंस फिर से तैनात की गई हैं।

कोरोना काल में निरंतर अपनी सेवाएं देने वाले तमाम कर्मचारियों को कंपनी ने हटा दिया है। जनपद के 16 कर्मचारी हटाए गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस कर्मचारियों ने शुक्रवार से हड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद वे निरंतर धरने पर बैठे रहे। यह धरना पांचवें दिन भी गांव सेंथरी पर जारी है। कर्मचारियों ने सभी एंबुलेंस सेंथरी में ही खड़ी कर रखीं हैं। एंबुलेंस चालक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने धरने के दौरान कहा कि जब तक निकाले गए कर्मचारियों को वापस नहीं बुलाया जाएगा, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। धरने पर गोपाल यादव, आशीष वर्मा, गोविद श्रीवास्तव, अनुज यादव आदि मौजूद रहे। जनपद में हैं 44 एंबुलेंस:

जनपद में 44 एंबुलेंस हैं, इनमें 22 एंबुलेंस 102 नंबर तथा 18 एंबुलेंस 108 नंबर और चार एंबुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट की हैं। एक साथ 44 एंबुलेंस के खड़े होने से सेवाओं पर असर पड़ रहा है। लोग फोन कर रहे हैं, लेकिन यह एंबुलेंस नहीं पहुंच पा रहीं। इधर, शासन की सख्ती के बाद मरीजों की सेवाओं के लिए चार एंबुलेंस मंगलवार को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, अलीगंज, जलेसर में तैनात कर दी गईं। समझाने की कोशिश:

एंबुलेंस चालकों की हड़ताल के कारण उत्पन्न संकट पर भी जिला प्रशासन नजर बनाएं हुए है। एसोसिएशन के अध्यक्ष से अधिकारी बातचीत कर रहे हैं, लेकिन एंबुलेंस चालक मांगें पूरी होने तक हड़ताल खत्म न करने पर आमादा हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर कोई बड़ा हादसा हो जाए तो समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाएंगी।

108 और 102 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल पर स्वास्थ्य विभाग नजर बनाए हुए है। एंबुलेंस कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है, हमारी कोशिश है कि हड़ताल शीघ्र खत्म हो और एंबुलेंस सेवाएं बहाल हो।

- डा. उमेश चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी, एटा

chat bot
आपका साथी