कोरोना के मरीजों को जिला अस्पताल से मिलेगी आक्सीजन

डाक्टर का पर्चा जरूरी एडीएम करेंगे संस्तुति आक्सीजन प्लांट के लिए 55 लाख अवमुक्त

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 06:47 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 06:47 AM (IST)
कोरोना के मरीजों को जिला अस्पताल से मिलेगी आक्सीजन
कोरोना के मरीजों को जिला अस्पताल से मिलेगी आक्सीजन

जासं, एटा: आक्सीजन की किल्लत हो देखते हुए अब मरीजों को जिला अस्पताल से आक्सीजन मिल सकेगी। यह व्यवस्था गुरुवार से शुरू हो जाएगी। वहीं महिला अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगाने के लिए जिलाधिकारी ने 55 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए। अब प्लांट का रास्ता साफ हो गया है और अतिशीघ्र इसको लगाने का काम शुरू हो जाएगा।

आक्सीजन की किल्लत को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अब नई व्यवस्था की है। इसके तहत अगर किसी को आक्सीजन गैस की जरूरत है तो वह जिला अस्पताल से प्राप्त कर सकता है। इसके लिए डाक्टर का पर्चा जरूरी है। मरीज के तीमारदार डाक्टर का पर्चा लेकर जिला अस्पताल पहुंचेंगे। इससे पहले उन्हें अपर जिलाधिकारी प्रशासन से मिलना होगा। डाक्टर के पर्चे पर ही आक्सीजन के लिए एडीएम संस्तुति प्रदान करेंगे। इसके बाद निर्धारित रेट पर आक्सीजन जिला अस्पताल से मिल जाएगी। इसके लिए दरें निर्धारित की जा रही हैं। इसके अलावा आक्सीजन लेने वालों को अपना सिलेंडर लाना होगा। जिला अस्पताल से आक्सीजन रिफिल की जाएगी।

इधर, महिला अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगाने जा रहा है। प्लांट पर कुल एक करोड़ 11 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसमें से 55 लाख रुपये जिलाधिकारी ने अवमुक्त कर दिए। निर्माण का काम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग को दिया गया है। कार्यदायी संस्था यह विभाग ही होगा और शासन स्तर से टेंडर भी इसी विभाग को दिया गया है। कालाबाजारी पर लगेगी रोक:

आक्सीजन की जनपद में जमकर कालाबाजारी हो रही थी। प्रशासन को इसकी शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने व्यवस्था अपने हाथ में ले ली। इसके वाजिब रेट निर्धारित किए जाएंगे। यह व्यवस्था गुरुवार से शुरू हो जाएगी।

------------

होम आइसोलेशन के मरीजों को आक्सीजन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब जिसे भी जरूरत है उसे आक्सीजन मिलेगी। पर्याप्त मात्रा में आगरा से आक्सीजन मंगाई जा रही है। जरूरतमंद लोग जिला अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।

डा. विभा चहल, जिलाधिकारी

जिला अस्पताल में आक्सीजन का पर्याप्त स्टाक रहेगा, जरूरतमंदों को प्राइवेट डाक्टर का पर्चा जरूरी है। होमआइसोलेशन के मरीजों को इस व्यवस्था से काफी राहत मिलेगी।

डा. उमेश त्रिपाठी, सीएमओ

chat bot
आपका साथी