मजदूर ने खेत में फंदा लगाकर दी जान

स्वजन उनकी तलाश में जुट गए। घंटों बाद शव खेत में लगे एक पेड़ से फंदे से लटका मिला। पत्नी शांति देवी दहाड़ मारकर रोने लगी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 12:03 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 12:03 AM (IST)
मजदूर ने खेत में फंदा लगाकर दी जान
मजदूर ने खेत में फंदा लगाकर दी जान

देवरिया: रुद्रपुर कोतवाली के नकटापार में एक मजूदर ने शनिवार की रात एक बड़ा कदम उठा लिया। खेत में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।

गांव के 35 वर्षीय रमेश चौहान पुत्र चंद्रदेव मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते थे। रात को भोजन करने के बाद घर से निकले और लौट कर नहीं आए। स्वजन उनकी तलाश में जुट गए। घंटों बाद शव खेत में लगे एक पेड़ से फंदे से लटका मिला। पत्नी शांति देवी दहाड़ मारकर रोने लगी। स्वजन को रोता देख वहां मौजूद अन्य लोगों की आंखें भी भर आई। बेटी ज्योति, प्रीति, अनीता व बेटा पवन का भी रोते-रोते बुरा हाल हो गया। स्वजन का कहना है कि आर्थिक तंगी के चलते रमेश ने ऐसा कदम उठाया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र टंडन ने कहा कि आर्थिक तंगी से परेशान होकर युवक ने फंदा लगाया है।

सात नामजद सहित 17 के खिलाफ बलवा व मारपीट का मुकदमा दर्ज

देवरिया: शहर के हनुमान मंदिर के समीप एक युवक की हुई पिटाई के मामले में पुलिस ने सात नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ मारपीट व बलवा का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में जुट गई है। हालांकि देर शाम तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

शहर के भगवान चौराहा निवासी दुर्गेश पटेल से कुछ लोगों ने 26 फरवरी को विवाद कर दिया। साथ ही उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इस मामले में दुर्गेश पटेल की तहरीर पर लक्ष्मण शर्मा, शेखर शर्मा, किशन शर्मा, अमन यादव, प्रीतम शर्मा, अतुल निषाद व दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल राजू सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

chat bot
आपका साथी