चुनावी रंजिश में प्रधान प्रत्याशी के समर्थक की हत्या
जागरण संवाददाता मदनपुर थाना क्षेत्र के महेन के जोगीबीर टोला में गुरुवार की रात चुनावी रं
जागरण संवाददाता, मदनपुर: थाना क्षेत्र के महेन के जोगीबीर टोला में गुरुवार की रात चुनावी रंजिश में प्रधान प्रत्याशी के समर्थक वृद्ध की हत्या कर दी गई। वहीं महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस एक प्रधान प्रत्याशी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सोनकर समेत अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी लिए।
राजू साहनी व विनोद सिंह प्रधान प्रत्याशी हैं। विनोद सिंह के समर्थक 60 वर्षीय राजवंशी यादव थे। प्रत्याशी विनोद व उनके समर्थक मनोज यादव को राजू का भाई अपशब्द बोलने लगा। इसी को लेकर रात को विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गयी। इस दौरान लाठी-डंडे के साथ ही धारदार हथियार भी चले। जिसमें विनोद सिंह, उनके समर्थक राजवंशी यादव, रुदल यादव व बीच बचाव करने गई सुनीता देवी पत्नी बाबूलाल यादव को चोट आयी। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने राजवंशी को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उधर विनोद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रात को ही प्रधान प्रत्याशी राजू साहनी, उसके भाई अनिल के साथ ही चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव में तनाव, बढ़ाई गई पुलिस गश्त
गांव में गश्त बढ़ा दी गयी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगी है। शीघ्र ही सफलता मिलेगी।
डा.श्रीपति मिश्र, एसपी