20 दिन में महज एक फीसद धान की खरीदारी

जनपद में धान खरीद का बुरा हाल है। कहीं धान खरीद शुरू नहीं हुई तो कहीं खरीद की गति धीमी है। नतीजा यह है कि 20 दिन में महज 10896.25 क्विंटल यानी लक्ष्य का एक फीसद ही धान खरीद हो पाई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Nov 2021 10:49 PM (IST) Updated:Sat, 20 Nov 2021 10:49 PM (IST)
20 दिन में महज एक फीसद धान की खरीदारी
20 दिन में महज एक फीसद धान की खरीदारी

देवरिया: जनपद में धान खरीद का बुरा हाल है। कहीं धान खरीद शुरू नहीं हुई तो कहीं खरीद की गति धीमी है। नतीजा यह है कि 20 दिन में महज 10896.25 क्विंटल यानी लक्ष्य का एक फीसद ही धान खरीद हो पाई है। शनिवार को नए केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ परचेज (ई-पाप) मशीनें उपलब्ध कराई गई। उधर विभाग का दावा है कि अगले सप्ताह में धान खरीद में तेजी आएगी।

जनपद में एक नवंबर से धान खरीद शुरू हो गई है। शासन ने इस बार 98100 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया है। अभी तक 7800 किसानों ने पंजीयन कराया है। 20 दिन में महज 242 किसानों से 10896.25 क्विंटल धान की खरीद हुई है, जिसमें हाट शाखा के केंद्रों पर 5350.60 क्विटल, पीसीएस के केंद्रों पर 2527.15 क्विंटल, यूपीएसएस के केंद्रों पर 851.80 क्विंटल, पीसीयू के केंद्रों पर 1979.50 क्विंटल, मंडी समिति के एक केंद्र पर 78 क्विटल, एफसीआइ के केंद्रों पर 109.20 क्विंटल खरीद हुई है। गौरकोठी में अभी तक धान खरीद शुरू नहीं

करौंदी बाजार: साधन सहकारी समिति पोखरभिडा पर अभी तक महज 188 क्विंटल धान खरीद हुई है जबकि साधन सहकारी समिति गौरकोठी पर धान खरीद शुरू नहीं हो पाई है। जिसके चलते किसानों को औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेचना पड़ रहा है। किसान श्रीनारायन पांडेय, पंचानंद मिश्र, हेमंत राव, संतोष कुमार द्विवेदी, जयप्रकाश चौबे, हरिश्चंद्र चौबे, चंद्रशेखर मिश्र, चित्रकुट गिरि, कृष्ण कुमार पाठक आदि ने जिला प्रशासन से शीघ्र खरीदारी शुरू कराने की मांग की है । कई केंद्रों पर बोरे की कमी से खरीद प्रभावित हो रही है। सिर्फ 136 क्विंटल धान खरीदा गया

करायल शुक्ल: क्रय विक्रय साधन सहकारी समिति करायल शुक्ल में 136 क्विंटल धान खरीदा गया है। अभी तक एक भी किसान का भुगतान नहीं हुआ है। रामपुर कारखाना संवाददाता के अनुसार, बैकुंठपुर स्थित हाट शाखा केंद्र पर तीन किसानों से महज सौ क्विंटल धान खरीदा जा सका है। केंद्र पर झरना, पंखा व शासन की तरफ से तय संसाधन मौजूद नहीं थे। तरकुलवा विकास खंड क्षेत्र में भी हाट शाखा केंद्र को छोड़कर अन्य केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है।तरकुलवा हाट शाखा केंद्र पर 16 किसानों से 404 क्विंटल धान खरीद हुई है। केंद्रों की संख्या में इजाफा

जिला प्रशासन ने धान क्रय केंद्रों की संख्या में इजाफा किया है। पहले 104 क्रय केंद्र बनाए गए थे। उसके बाद 29 नए केंद्र बनाए गए। जनपद में कुल क्रय केंद्रों की संख्या अब 133 हो गई है। नए क्रय केंद्रों पर ई-पाप मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं। जिन जगहों पर ई-पाप मशीनें काम नहीं कर रही थी। उसे बदल दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर खरीद में तेजी आएगी।

राजेश यादव, प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी

chat bot
आपका साथी