सजे शिवालय, सावन का पहला सोमवार आज

कोरोना वायरस को लेकर मंदिरों में भी है सतर्कता - पूरे दिन शिव मंदिरों की हुई साफ- सफाई

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 04:40 AM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 06:01 AM (IST)
सजे शिवालय, सावन का पहला सोमवार आज
सजे शिवालय, सावन का पहला सोमवार आज

देवरिया : सावन माह का शुभारंभ सोमवार से हो रहा है। सावन मास के शुभारंभ को लेकर मंदिरों की साफ-सफाई के साथ उसे सजाने संवारने का कार्य पूरा दिन चला। श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को लेकर मंदिरों में पूरी सतर्कता बरती जाएगी। इसकी पूरी रणनीति बनाई गई है। मंदिर समिति के सदस्यों के साथ ही इस कार्य में पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।

शहर के सोमनाथ मंदिर में प्रति वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व पूजन के लिए आते हैं। बरहज व भागलपुर से जलभर कर कांवड़ यात्री प्रतिदिन यहां जलाभिषेक करते हैं। इस बार यहां मंदिर में प्रवेश के लिए एक-एक कर अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं का हाथ सैनिटाइज कराने के साथ ही मास्क लगाकर ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। रुद्रपुर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर रुद्रपुर में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व पूजन को पूरे सावन भर आते हैं। मंदिर की सफाई के साथ ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा महेन्द्रनाथ शिव मंदिर महेन, दीर्घेश्वरनाथ शिव मंदिर मझौलीराज, उत्तर प्रदेश व बिहार की सीमा पर स्थित बाबा हंसनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पूजन-अर्चन की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिरों की रंगाई-पोताई कर सजाया गया है। रात में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसलिए प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। मंदिरों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम होंगे।

chat bot
आपका साथी