दिव्यांग महिला व पुरुषों को मिली मनमाफिक तैनाती

देवरिया में नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया शुरू।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 11:31 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 11:31 PM (IST)
दिव्यांग महिला व पुरुषों को मिली मनमाफिक तैनाती
दिव्यांग महिला व पुरुषों को मिली मनमाफिक तैनाती

देवरिया: प्राथमिक विद्यालयों के नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को विद्यालय आवंटित करने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। पहले दिन बीएसए कार्यालय में गहमागहमी रही। दिव्यांग महिला-पुरुष के अलावा महिला शिक्षकों ने मनचाहा विद्यालय लाक किया। प्रेरणा पोर्टल पर तैयार साफ्टवेयर के माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया आनलाइन पूरी की गई।

जिले में चयनित 262 सहायक अध्यापकों को विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया सुबह दस बजे शुरू हो गई। पहले दिन 94 दिव्यांग महिला-पुरुष व महिला शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया गया। भीड़ को देखते हुए कार्यालय परिसर में कुर्सी का इंतजाम किया गया था। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शारीरिक दूरी का पालन कराया गया। काउंसिलिग से पहले थर्मल स्कैनिंग की गई। डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में गठित समिति में बीएसए संतोष कुमार राय, एडीआइओएस राम हुजूर, जीजीआइसी प्रधानाचार्य विमला राय, सुरेंद्र प्रसाद शामिल थे। समिति की मौजूदगी में मनचाहा विद्यालय लाक किया गया। वहीं डीएम अमित किशोर ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी वकील अहमद अंसारी, राजकीय पालीटेक्निक प्रधानाचार्य जेबी सिंह ने पर्यवेक्षण के लिए तैनात किया था। इनकी देखरेख में आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। नवनियुक्त 262 सहायक अध्यापकों में तीन ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। वहीं कुछ सहायक अध्यापकों के प्रमाण पत्रों में कमियां मिली हैं। जिसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से मार्गदर्शन मांगा गया है।

आज भी होगी काउंसिलिग

शुक्रवार को सुबह 10 से शेष छूटे हुए सभी दिव्यांग महिला/पुरुष व महिला व पुरुष अध्यापकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा।

दिव्यांग महिला व पुरुष व महिलाओं को मनचाहा विद्यालय आवंटित किया गया। पूरी प्रक्रिया आनलाइन थी। बाकी बचे लोगों को कल बुलाया गया है।

राजेंद्र प्रसाद यादव, प्राचार्य, डायट

chat bot
आपका साथी