कार्तिक पूर्णिमा पर आज श्रद्धालु पावन सरयू में लगाएंगे डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नगर सहित जनपद के कोने-कोने से श्रद्धालु सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए शुक्रवार को आएंगे। नगर पालिका प्रशासन ने इसको देखते हुए सुविधाओं का प्रबंध किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 18 Nov 2021 11:13 PM (IST) Updated:Thu, 18 Nov 2021 11:13 PM (IST)
कार्तिक पूर्णिमा पर आज श्रद्धालु पावन सरयू में लगाएंगे डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर आज श्रद्धालु पावन सरयू में लगाएंगे डुबकी

देवरिया: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नगर सहित जनपद के कोने-कोने से श्रद्धालु सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए शुक्रवार को आएंगे। नगर पालिका प्रशासन ने इसको देखते हुए सुविधाओं का प्रबंध किया है। स्नानार्थियों के लिए सफाई, पथ प्रकाश, खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। नगर के रेता तट, गौरा घाट पर सुरक्षा के लिए रस्सी बांधी गई है। नाव और मोटरबोट की भी व्यवस्था की गई है।

सरयू तट पर प्रसाद, घरेलू उपकरण, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने की दुकान सज गई हैं। नगरपालिका प्रशासक मुख्य राजस्व अधिकारी अमृत लाल बिद, प्रभारी अधिशासी अधिकारी व एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ल ने स्नान क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि स्नान पर्व को देखते हुए वाहनों के नगर में प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगाई है। देवरिया की तरफ से आने वाले वाहन पेट्रोल पंप के पास व रुद्रपुर से आने वाले वाहन तहसील गेट और लार, सलेमपुर मार्ग से आने वाले वाहन ब्लाक मुख्यालय के पास रुकेंगे। घाट की ओर जाने वाले मार्ग से वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। यह भी जानें

पंडित मदन मिश्र ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा की शुरुआत पूर्णिमा तिथि 18 नवंबर को दोपहर 12 बजकर एक मिनट से प्रारंभ होकर, 19 नवंबर शुक्रवार को दोपहर 2 बजकर 28 मिनट तक है। शुक्रवार पूर्णिमा तिथि के दिन स्नान का शुभ मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 28 मिनट तक है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू स्नान करना फलदायी होता है। इस दिन सरयू स्नान करने पर दस यज्ञ करने के बराबर पुण्य मिलता है। दान करने का भी बहुत महत्व है। स्नान दान करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर प्याज, लहसुन, मांस, मदिरा और नशीली चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। नदी तट पर दीपदान से मंगल होता है।

chat bot
आपका साथी