हृदयगति रुकने से भाजपा नेता व पूर्व विधायक प्रमोद सिंह का निधन

गांव में लोगों को दीपावली की बधाई देते समय बिगड़ी तबीयत बरहज में सरयू नदी के तट पर होगा अंतिम संस्कार

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Nov 2021 11:41 PM (IST) Updated:Wed, 03 Nov 2021 11:41 PM (IST)
हृदयगति रुकने से भाजपा नेता व पूर्व विधायक प्रमोद सिंह का निधन
हृदयगति रुकने से भाजपा नेता व पूर्व विधायक प्रमोद सिंह का निधन

जागरण संवाददाता, देवरिया: भाजपा नेता व गौरीबाजार के पूर्व विधायक प्रमोद सिंह का बुधवार की रात आठ बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे। उनके निधन पर जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को बरहज में सरयू नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। वह गौरीबाजार के असनहर गांव के रहने वाले थे। शाम को गांव में लोगों को दीपावली की बधाई देते समय अचानक तबीयत उनकी खराब हुई और सीने में दर्द शुरू हुआ। स्वजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

उनके परिवार में पत्नी प्रभा सिंह , दो पुत्र सत्यप्रकाश उर्फ पंकज सिंह, संदेश सिंह व पुत्री सोनल हैं। ज्येष्ठ पुत्र सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शाम को पिताजी पूरी तरह ठीक थे। काफी लोग घर पर मिलने आए थे। वह लोगों को दीपावली की शुभकामना दे रहे थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।

निधन की खबर मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों व क्षेत्रीय लोगों उनके घर पहुंचे। राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष धनंजय राव, अजय प्रताप सिंह पिटू, मैनुद्दीन, मुरली जायसवाल, हरेंद्र जायसवाल, जिपं सदस्य विनय जायसवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोक जताया।

------------

वर्ष 2014 में बसपा का दामन छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल

पूर्व विधायक महाराष्ट्र में कारोबार करते थे। उन्होंने 2004 में राजनीति में कदम रखा। बसपा का दामन थामने के बाद वर्ष 2007 में सपा के शाकिर अली को हराकर गौरीबाजार से विधायक बने। 2012 में नए परिसीमन के बाद गौरीबाजार विधानसभा क्षेत्र देवरिया में शामिल हो गया तो वह बसपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़े, लेकिन भाजपा नेता जन्मेजय सिंह से हार गए। वर्ष 2014 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

chat bot
आपका साथी