झूठ की बुनियाद पर टिकी है प्रदेश सरकार :डा आशुतोष

मेरे कार्यों को अपना बता रहे भाजपा के लोग इसकी हो जांच सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे सरकार को दिखा रहे आईना

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:44 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:44 PM (IST)
झूठ की बुनियाद पर टिकी है प्रदेश सरकार :डा आशुतोष
झूठ की बुनियाद पर टिकी है प्रदेश सरकार :डा आशुतोष

जागरण संवाददाता, भाटपाररानी : सपा विधायक डा.आशुतोष उपाध्याय ने कहा कि भाजपा की सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी है। सपा शासनकाल में किए गए कार्यों को अपना बताकर पीठ थपथपा रही है। भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में कराए गए मेरे कार्यों को भाजपा के लोग अपना बता रहे हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। वह सोमवार को बेलपार पंडित स्थित आवास पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। उस पर उतने ही बड़े बोर्ड लगाए गए हैं, जो भाजपा सरकार की गाथा गा रहे हैं। सरकार को आईना दिखाने का काम कर रहे हैं। आरोप मढ़ा कि थाना व तहसील दलाली का केंद्र बने हुए हैं। गरीबों के हक पर डाका डाला जा रहा है। पेट्रोल डीजल की महंगाई से जनता परेशान हैं। भाजपा सरकार का कोई भी कार्य धरातल पर नहीं दिख रहा है। इसलिए वह बौखलाई हुई है। धर्म के नाम पर लोगों का वोट हथियाने वालों के दिन अब लदने वाले हैं। भाजपा की चालाकी को जनता समझ चुकी है। आने वाले समय में जनता हिसाब लेने का कार्य करेगी। जनता का मूड अब सपा की ओर है। सपा सरकार आते ही समाजवादी पेंशन 500 से 1500 रुपये किए जाने का कार्य होगा। 300 यूनिट बिजली आमजन को मुफ्त में मुहैया कराई जाएगी। किसान दुर्घटना बीमा शुरू करने का कार्य होगा। लोहिया आवास योजना के तहत रकम बढ़ाकर पांच लाख की जाएगी। गरीब महिलाओं को वर्ष में तीन साड़ियां देने का कार्य सपा सरकार करेगी। छात्रों के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी