ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, लगा जाम
जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस को घंटों करनी पड़ी मशक्कत
जागरण संवाददाता, देवरिया: शहर के सिविल लाइन रोड पर बीएसएनएल कार्यालय के समीप मंगलवार की दोपहर ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर ट्रक के बीच में खड़ा होने के चलते मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मंगलवार को सुबह से ही जाम की स्थिति चल रही थी। दोपहर तक वाहन रेंगते हुए नजर आए। दोपहर को उमानगर के रहने वाले गोपाल प्रसाद बीएसएनएल कार्यालय के समीप पैदल ही सड़क पार कर रहे थे। इस बीच ट्रक ने टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने ट्रक को रोक दिया। जिससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और ट्रक को मुख्य मार्ग से हटाकर किनारे कराया। इसके बाद एक-एक कर के वाहनों को गुजारा गया। जिसके बाद जाम की स्थिति सामान्य हो सकी। भटक गई थी महिला, पुलिस ने पहुंचाया घर
देवरिया: देवरिया खास में एक बुजुर्ग महिला भटक रही थी। यूपी 112 पर किसी ने इसकी सूचना दी। पुलिस पहुंची तो महिला ने अपना नाम जिलेबा देवी बताया। वह रामपुर कारखाना के पौहारी छापर की रहने वाली है। उसने बताया कि वह अपनी बेटी के ससुराल के लिए निकली थी। रास्ते में भटक गई है। उसके नाती का नाम मनोज प्रजापति है, जो नेहरू नगर का रहने वाला है। पुलिस ने महिला को उसके बेटी के घर पहुंचा कर नाती के सुपुर्द किया। पुलिस पर कार्रवाई करने से परहेज का आरोप
देवरिया : बरियारपुर थाना क्षेत्र के सरौरा के रहने वाले सर्वेंद्र प्रताप शाही ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और आए दिन विवाद कर रहे हैं। बरियारपुर थाने की पुलिस कार्रवाई करने से परहेज कर रही है।