मूसलधार बारिश से जलभराव, फसलों को नुकसान

कई जगहों पर विद्युत तार पर टूटकर गिरे पेड़ प्रभावित हुई आपूर्ति तेज हवा के बीच हुई बारिश से लोग रहे परेशान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 12:07 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 12:07 AM (IST)
मूसलधार बारिश से जलभराव, फसलों को नुकसान
मूसलधार बारिश से जलभराव, फसलों को नुकसान

जागरण संवाददाता, देवरिया : शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक शुक्रवार की भोर में मूसलधार बारिश से जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। धान की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे किसान परेशान हैं।

तीन दिनों से उमस भरी गर्मी थी। शुक्रवार की भोर में अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज हवा के बीच मूसलधार बारिश शुरू हो गई। लगभग दो घंटे तक बारिश होती रही। बारिश के चलते कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला अस्पताल, डाक बंगला परिसर, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कार्यालय, पुलिस अधीक्षक आवास को जाने वाली सड़क पर जलभराव हो गया है। राघव नगर से हनुमान मंदिर जाने वाली सड़क पर पानी जमा हो गया। पोस्टमार्टम हाउस में भी पानी लगने से कर्मचारी परेशान रहे। सर्वाधिक दिक्कत बिजली आपूर्ति ठप होने से हुई। बरहज क्षेत्र में कई जगह तार पर पेड़ गिर गए, जिसके चलते आपूर्ति ठप रही। शहर के रामलीला मैदान में पानी लग गया। काफी प्रयास से उपकेंद्र से पानी निकाल दिया गया। अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। फाल्टों को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। विद्यालयों में भी भरा पानी, छात्र परेशान

मूसलधार बारिश से विद्यालयों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर के रामनाथ देवरिया, भटवलिया समेत अन्य प्राथमिक विद्यालयों में भी पानी लग गया। इससे छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी। गड़ेर संवाददाता के अनुसार, गड़ेर प्राथमिक विद्यालय में जलभराव से दुश्वारियां बढ़ गईं। सूचना पर उप जिलाधिकारी संजीव कुमार यादव भी पहुंचे और निरीक्षण किया। दो माह से डूबा कठिनइया मार्ग

फोरलेन से कठिनइया गांव होकर बेलडाड जाने वाले मार्ग पर दो माह से जलभराव है। मूसलधार बारिश से मुश्किलें बढ़ गई हैं। सदर ब्लाक को जाने वाले रास्ते पर भी जलभराव है। इसके चलते करीब दस हजार की आबादी प्रभावित है। उपकेंद्र परिसर में घुसा पानी

खुखुंदू: बारिश से विद्युत उपकेंद्र परिसर में पानी लग गया। कंट्रोल रूम व ट्रांसफार्मर में पानी घुस गया। बिजली आपूर्ति ठप हो गई। काफी प्रयास के बाद पानी निकाल कर आपूर्ति बहाल की गई। लगभग सात घंटे तक उपकेंद्र की बिजली ठप रही। लोगों का कहना है कि पुलिया पर अतिक्रमण होने से यह दिक्कत हो रही है।

chat bot
आपका साथी