सरकार की गलत नीतियों से बढ़ रही पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत
शहर के वार्ड संख्या-13 में शहर कांग्रेस कमेटी की आयोजित हुई बैठक वार्ड संख्या-13 के लिए मदन लाल विश्वकर्मा चुने गए अध्यक्ष
जागरण संवाददाता, देवरिया: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में वार्ड संख्या-13 रामनाथ देवरिया में बैठक हुई। जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया गया।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद श्रीवास्तव सोनू ने कहा कि देश में आज अराजकता का माहौल है। पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस के दाम में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके चलते महंगाई आसमान छूने लगी है। पूरे देश के किसान इस समय कई महीनों से मांगों को लेकर आंदोलित हैं, लेकिन सरकार को किसान के सम्मान व उनके हक से कोई लेना-देना नहीं है। देश की भाजपा सरकार सिर्फ बिचौलियों की सरकार बनकर रह गई है। घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए ली गई भूमि में भी धांधली की गई है। महामारी में सरकार गरीबों को छलने का काम कर रही है। किसी तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। सरकार केवल चुनाव लड़ने व लड़ाने में व्यस्त है। अध्यक्षता डा.संजय गुप्त व संचालन शहर सचिव राहुल कनौजिया ने किया। इस दौरान मदन लाल विश्वकर्मा को वार्ड संख्या 13 का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक में भगवान दीन विश्वकर्मा, अजय मद्देशिया, राजेन्द्र यादव, अनुराग, गौरव, राजेश, अश्वनी श्रीवास्तव, सत्यम मिश्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
- अल्पसंख्यक विभाग ने सौंपा पत्रक
देवरिया: देश में बढ़ती महंगाई को लेकर अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मेराज अहमद व युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अभय प्रताप शुक्ल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा। मेराज अहमद ने कहा कि प्रदेश सरकार अल्पसंख्यक समाज पर सौतेला व्यवहार कर रही है। इस दौरान अशोक कुमार कुशवाहा, डा.अमजद खान, इम्तियाज खान, मिर्जा खुर्शीद, युनुस अंसारी, दीपक पटवा, आमीर कुरैशी, साबिर अंसारी, विशाल मिश्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।