पुलिस की सक्रियता से बची महिला व मासूम की जान

खामपार थाना से कुछ दूरी पर घर का दरवाजा बंद कर महिला ने लगा ली थी आग छत के रास्ते घर में घुसे पुलिसकर्मी ताला तोड़कर बाहर निकाला

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 11:32 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 11:32 PM (IST)
पुलिस की सक्रियता से बची महिला व मासूम की जान
पुलिस की सक्रियता से बची महिला व मासूम की जान

जागरण संवाददाता, भाटपाररानी: रविवार की सुबह खामपार पुलिस की सक्रियता से महिला व उसके तीन वर्षीय मासूम की जान बच गई। धुआं देखकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। ताला तोड़कर महिला व मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का कारण जेठानी से विवाद बताया जा रहा है।

खामपार थाना से कुछ दूरी पर खामपार कस्बे में ही लालसा देवी पत्नी वर्षा चौहान का घर है। उसका पति वर्षा तीन साल से सउदी अरब में है। घर में लालसा देवी के अलावा उसके जेठ, जेठानी व सास रहती है। आए दिन जेठानी से विवाद होता रहता है। सुबह करीब नौ बजे जब घर के सभी सदस्य गांव व खेत में चले गए तो लालसा देवी ने अंदर से दरवाजा बंद कर आग लगा ली। उसके साथ उसका पुत्र भी था। थानाध्यक्ष खामपार विपिन मलिक उस समय फरियाद सुन रहे थे। घर से धुआं उठता देखकर वह एसआइ शिवचंद, सिपाही अनुष्का, प्रीतू के साथ मौके पर पहुंचे। अंदर से ताला बंद होने के कारण सभी पुलिसकर्मी सीढ़ी के रास्ते अंदर दाखिल हुए। महिला अपने बच्चे के साथ आग लगाने का प्रयास कर रही थी। कमरे का बेड व सामान जल रहा था। उसे घर से बाहर सुरक्षित निकाल कर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस महिला को लेकर थाने आई। कुछ देर तक महिला बदहवास रही। पुलिसकर्मियों ने पानी पिलाया। थानाध्यक्ष ने कहा कि महिला ने मासूम के साथ जान देने का प्रयास किया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी