विशुनपुर देवार के 10 टोले घिरे, बढ़ीं दुश्वारियां

24 घंटे में बढ़ा पांच सेंटीमीटर जलस्तर विशुनपुर देवार का किशुन टोला भी जलमग्न

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 11:57 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 11:57 PM (IST)
विशुनपुर देवार के 10 टोले घिरे, बढ़ीं दुश्वारियां
विशुनपुर देवार के 10 टोले घिरे, बढ़ीं दुश्वारियां

जागरण संवाददाता, बरहज : नेपाल की पहाड़ियों में हो रही बारिश से बाढ़ की स्थिति दिन प्रतिदिन विकराल होती जा रही है। सरयू और राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कटईलवा, कुरह परसिया, कपरवार के कुबाईच टोले पर किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। विशुनपुर देवार के 10 टोले बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई है। आवागमन के लिए चार नाव लगाई गई हैं। जबकि चार नाव की और जरूरत है। बाढ़ का पानी मैदानी क्षेत्रों फैल रहा है। बरहज से सूरजपुर जाने वाला मुख्य बंधा पर बच्चा हरिजन के पास पटरी क्षतिग्रस्त है। बंधा से टकरा रहा पानी कभी भी तबाही मचा सकता है।

सरयू नदी रविवार को खतरे के निशान 66.50 मीटर से ऊपर 67.45 मीटर पर बह रही है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 95 सेंटीमीटर ऊपर है। गत 24 घंटे में जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। कपरवार में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। राप्ती और सरयू नदी किनारे किसानों की सौ बीघा से आधी फसल डूब गई है। भदिला प्रथम गांव पूर्व से ही घिरा है। लगातार जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांव के लोगों में दहशत है। विशुनपुर देवार का किशुन टोला पानी से घिर गया है। यहां दस टोले बाढ़ के पानी से घिरे हैं। सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी रहा तो नगर के रगरगंज, केवटलिया, पटेल नगर, जहाज घाट में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाएगा। विशुनपुर देवार की स्थिति और गंभीर हो जाएगी। इस बार पांच किमी मुख्य बंधे का मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। बाढ़ के पानी का वेग नहीं रोक पाएगा। -

विशुनपुर देवार में लोगों के आवागमन के लिए चार नाव लगाई गई है। राजस्व टीम मौके पर गई है। हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की जा रही है। नेपाल में बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जितेंद्र कुमार सिंह

नायब तहसीलदार,बरहज

-

राप्ती व गोर्रा के जलस्तर में पांच सेमी की वृद्धि

रुद्रपुर : दोआबा में राप्ती व गोर्रा के जलस्तर में रविवार की शाम नदियों के जलस्तर में पांच सेमी की वृद्धि दर्ज की गई है। राप्ती गेज प्वाइंट भेड़ी के समीप 69.65 मीटर और गोर्रा गेज प्वाइंट पिड़राघाट के समीप 70.15 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी। शनिवार की शाम राप्ती 69.60 मीटर और गोर्रा 70.10 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी।दोनों नदियों का डेंजर लेवल 70.50 मीटर है।

chat bot
आपका साथी