सरयू व राप्ती का और बढ़ा जलस्तर,बाढ़ का खतरा

खतरे के निशान से 40 सेंटीमीटर ऊपर बह रही सरयू नदी बरहज तहसील क्षेत्र का भदिला प्रथम गांव बाढ़ के पानी से घिरा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 11:59 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 11:59 PM (IST)
सरयू व राप्ती का और बढ़ा जलस्तर,बाढ़ का खतरा
सरयू व राप्ती का और बढ़ा जलस्तर,बाढ़ का खतरा

जागरण संवाददाता, बरहज, देवरिया : सरयू और राप्ती नदी का जलस्तर लगातर बढ़ रहा है। सरयू खतरे के निशान से 40 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। उधर राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। दोनों नदियों का जलस्तर एक सप्ताह से बढ़ रहा है। जिससे बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बरहज तहसील क्षेत्र का भदिला प्रथम गांव बाढ़ के पानी से घिर गया है। लोग नाव के सहारे आवागमन कर दैनिक कार्य करने को विवश हैं।

सोमवार को सरयू नदी खतरे के निशान 66.50 मीटर से ऊपर 66.90 मीटर पर बह रही थी। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 40 सेंटीमीटर ऊपर है। 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 15 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। रविवार को सरयू नदी 66.75 मीटर पर बह रही थी।

थानाघाट के सामने सरयू नदी की धारा मोड़ने का कार्य ठप हो गया है। कार्य में लगी मशीनों को किनारे लाया गया है। तटवर्ती गांव के लोग बाढ़ को लेकर भयभीत हैं। जलस्तर में वृद्धि जारी रहा तो नदियों का पानी मैदानी क्षेत्रों में फैल जाएगा। राप्ती और गोर्रा के जलस्तर में पांच सेमी. की वृद्धि

जासं,रुद्रपुर : 24 घंटे के दौरान राप्ती और गोर्रा के जलस्तर में पांच सेमी. की वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार की शाम राप्ती गेज स्थल भेड़ी के समीप 69.20 मीटर और गोर्रा गेज प्वाइंट पिड़रा के समीप 69.55 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी। रविवार की शाम राप्ती 69.15 मीटर और गोर्रा 69.50 मीटर पर बह रही थी। गोर्रा खतरे के निशान से महज 95 सेमी. दूर है।

chat bot
आपका साथी