प्रदेश में कानून का राज, माफिया भेजे गए जेल : सुरेश

भाजपा सरकार में किसान व गरीब खुशहाल विधायक ने गिनाई सरकार की साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियां

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:52 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:52 PM (IST)
प्रदेश में कानून का राज, माफिया भेजे गए जेल : सुरेश
प्रदेश में कानून का राज, माफिया भेजे गए जेल : सुरेश

जागरण संवाददाता, बरहज: बरहज के भाजपा विधायक सुरेश तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई कदम उठाए। किसानों के फसली ऋण माफ किए। गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान कराया। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ। गुंडे-माफिया या तो जेल भेजे गए या प्रदेश छोड़कर उनको जाना पड़ा। वह सोमवार को ब्लाक सभागार में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढे़ चार वर्ष पूरे किए। इस अवधि में बेसहारा पशुओं के लिए आश्रय स्थल खोले गए। कोरोनाकाल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त में राशन उपलब्ध कराए गए। मुफ्त में कोरोना जांच व कोरोनारोधी टीका लगाए जा रहे हैं। कोरोना से निराश्रित हुए बच्चों के लिए उप्र मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चार हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज की स्थापना हुई। विधानसभा क्षेत्र में संपर्क मार्गों का जाल बिछाया गया। गांवों में विधायक निधि से 35 व अन्य योजनाओं से 284 सड़कों का निर्माण कराया गया। पर्यटन विकास की दृष्टि से नीलकंठ महादेव मंदिर, बाबा महेंद्रा नाथ मंदिर का सुंदरीकरण कराया जाएगा। बढ़पुरवा में राजकीय इंटर कालेज का निर्माण हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सात लाख रुपये की लागत से ऑक्सीजन प्लांट लग रहा है। गांवों में शुद्ध पेयजल के लिए पानी की टंकियों का निर्माण हो रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के चलते कपरवार में सरयू नदी के कटान से बचाव के लिए 59 करोड़ की परियोजना का कार्य चल रहा है। महेन में विद्युत वितरण उपकेंद्र, बरहज तहसील में विधायक निधि से रैन बसेरा व चबूतरा का निर्माण हुआ है।

chat bot
आपका साथी