ईट भट्ठे पर पहुंची पुलिस, ट्रैक्टर चालक से की पूछताछ

झारखंड के मजदूरों द्वारा एक महिला को रोकने की शिकायत पर पहुंची पुलिस पुलिस की जांच में शिकायत निराधार लौटी पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 12:06 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 12:06 AM (IST)
ईट भट्ठे पर पहुंची पुलिस, ट्रैक्टर चालक से की पूछताछ
ईट भट्ठे पर पहुंची पुलिस, ट्रैक्टर चालक से की पूछताछ

जागरण संवाददाता, देवरिया : जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर झारखंड के एक महिला मजदूर के रोके जाने की शिकायत के बाद गुरुवार को पुलिस सक्रिय हो गई। ईंट भट्ठे पर एक घंटे तक पुलिस जांच की और आरोपित बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक से भी पूछताछ की। हालांकि ट्रैक्टर चालक ने इस तरह के आरोप से पल्ला झाड़ लिया। शिकायत निराधार मिलने के बाद पुलिस लौट आई।

झारखंड के चान्हो के रहने वाले 33 मजदूर मुंडेरा गांव के रजत कुमार के ईंट भट्ठे पर एक साल से काम कर रहे थे। तीन दिन पूर्व उन्होंने झारखंड की एक स्वयं सेवी संस्था के पदाधिकारी ने बंधक बनाए जाने की शिकायत की थी। जिसके बाद देवरिया जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। जांच में पता चला कि मजदूरों को बंधक नहीं बनाया गया है। बल्कि मजदूरी का रुपये नहीं दिया गया है। प्रशासन ने पहल कर मजदूरों का भुगतान कराकर उन्हें एक दिन पहले झारखंड भिजवा दिया।

गुरुवार की सुबह जब मजदूर झारखंड की राजधानी रांची रेलवे स्टेशन पहुंचे तो स्थानीय एक जनप्रतिनिधि व स्वयं सेवी संस्था के पदाधिकारी को बताया कि ईंट भट्ठा पर काम करने वाले चालक ने एक महिला को अपने पास ही रोक लिया है। इसकी शिकायत पुन: पुलिस तक आई। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंच गई। आरोपित बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक से भी पुलिस ने पूछताछ की। चालक ने इस तरह के किसी भी आरोप को निराधार बताया। जांच में यह जरूर पुलिस को पता चला कि विलासपुर के रहने वाले लीलाराम अपने परिवार के साथ तीन साल से ईंट भट्ठे पर रहते हैं और इस समय भी रुके हैं। वह बरसात के मौसम में भी वहीं रहते हैं। जांच के बाद पुलिस लौट आई।

सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि शिकायत पर रामपुर कारखाना पुलिस गई थी। लेकिन वहां किसी महिला श्रमिक को रोके जाने की पुष्टि नहीं हुई। मौके पर थानेदार को भेजा गया था।

chat bot
आपका साथी