हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

भोर में ही सोमनाथ मंदिर पहुंच श्रद्धालुओं ने टेका माथा शिव मंदिरों में रहे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 11:56 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 11:56 PM (IST)
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

जागरण संवाददाता, देवरिया: सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में पूजन अर्चन के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रविवार को भोर में ही श्रद्धालु पूजन अर्चन के लिए लाइन लगा कर खड़े हो गए। हर-हर महादेव व ओम नम: शिवाय के जयकारे के पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। भीड़ को पुलिस ने काफी मुश्किल से नियंत्रित किया। शहर में सोमनाथ मंदिर में सर्वाधिक भीड़ रही। उधर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में भी श्रद्धा व विश्वास के साथ भूतभावन भगवान पूजे गए।

सोमनाथ मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के शिवलिग पर अक्षत, पुष्प, रोली, दूध, द्रव्य आदि चढ़ा कर श्रद्धालुओं ने मन्नतें मांगी। सोमनाथ मंदिर के अलावा, कचहरी चौराहा शिव मंदिर, सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर न्यू कालोनी में भी लोगों ने विल्व पत्र, दूध आदि से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव व जय महाकाल से पूरा परिसर गूंजता रहा। मंदिरों के समीप बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकांश लोगों ने घरों में पार्थिव बना कर भगवान का रुद्राभिषेक किया। घरों में पूजन अर्चन से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया।

-

शिवालयों में श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक

रुद्रपुर: सावन के पहले दिन उपनगर के बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए जलाभिषेक किया। भोलेनाथ को प्रिय बिल्व,जल, दूध, अक्षत, चढ़ाकर आशीर्वाद मांगा। सावन के पवित्र माह में भोलेनाथ के जलाभिषेक का काफी महत्व है। मंदिर के महंथ रमाशंकर भारती और विजय शंकर भारती ने कहा कि सावन में भोलेनाथ के जलाभिषेक का काफी महत्व है। क्षेत्र के रामलक्षन, पकड़ीबाजार, एकौना, पचलड़ी खोरमा सहित अन्य स्थानों पर शिवालयों में भोलेनाथ का भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रावणी मेले की हुई शुरुआत सलेमपुर, देवरिया: भगवान शिव का प्रिय माह सावन का शुभारंभ रविवार से हो गया है। आज ही के दिन श्रावणी मेले की भी शुरुआत हुई। सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने मझौलीराज स्थित दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर एक माह तक चलने वाले मेले का उद्घाटन किया। पहले ही दिन शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी। इस दौरान बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। रविवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मझौलीराज स्थित दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में कोविड गाइडलाइन के अनुसार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी दर्शन, पूजन, अभिषेक करने श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने पूरी भक्ति के साथ भोलेनाथ का पूजन और अभिषेक किया। पूजन अर्चन के दौरान श्रद्धालु, विल्व पत्र, अच्छत, पुष्प रोरी, मिष्ठान, द्रव्य आदि चढ़ा कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान विद्वानों ने वैदिक मंत्रों के बीच यजमानों को रूद्राभिषेक भी कराया। रुद्र मंत्रों की गूंज से समूचा माहौल भक्तिमय रहा। तमाम श्रद्धालु भागलपुर सरयू तट से जल भरकर पैदल दीर्घेश्वरनाथ मंदिर पहुंच जल चढ़ाया।

chat bot
आपका साथी