गांव के समीप फंदे से लटका मिला वृद्ध का शव

स्वजन ने वृद्ध को मानसिक रूप से बीमार बताया घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 11:52 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 11:52 PM (IST)
गांव के समीप फंदे से लटका मिला वृद्ध का शव
गांव के समीप फंदे से लटका मिला वृद्ध का शव

जागरण संवाददाता, मगहरा, देवरिया: खूखुंदू थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव में शनिवार की रात वृद्ध का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। स्वजन के मुताबिक वृद्ध की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उनका इलाज चल रहा था। पुलिस आत्महत्या मान रही है।

महुई संग्राम के रहने वाले रविद्र मिश्र उम्र 65 वर्ष कई साल से मानसिक रूप से बीमार थे। उनकी दवा बीएचयू में चल रही थी। स्वजन के मुताबिक, वह आए दिन घर से गायब रहते थे। उन्हें तलाश कर लाना पड़ता था। शनिवार को परिवार के सभी सदस्यों के साथ रविद्र मिश्र भोजन करने के बाद सोने चले गए। वह सुबह बिस्तर पर नहीं मिले तो घरवालों ने समझा कि नित्य-कर्म के लिए गए होंगे। इसी बीच किसी ने परिवारवालों को सूचना दी कि गांव के पश्चिम नाला के किनारे उनका शव धोती के सहारे पेड़ की डाल से लटका हुआ है। इसकी सूचना खुखुंदू पुलिस को दी गई। मौके पर पीआरबी की टीम व थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव पहुंच गए और शव को नीचे उतरवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिर भी पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रविद्र को याद कर बिलख रहे स्वजन मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी फूलमती देवी दहाड़े मारकर रोने लगी। मृतक के तीन पुत्र अखिलेश, अभिषेक और अवधेश हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर कुछ ही देर में पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

chat bot
आपका साथी