पुरानी रंजिश में हुई किशोरी व मासूम की हत्या

संस(मानिकपुर) चित्रकूट मानिकपुर दोहरे हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 10:37 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 10:37 PM (IST)
पुरानी रंजिश में हुई किशोरी व मासूम की हत्या
पुरानी रंजिश में हुई किशोरी व मासूम की हत्या

संस,(मानिकपुर) चित्रकूट : मानिकपुर दोहरे हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। किशोरी के पिता ने जिसे आरोपित बनाया है उसके उनकी पुरानी दुश्मनी है। आरोपित के भतीजे की करंट से मौत हुई थी। तभी से दोनों परिवार के बीच दुश्मनी चल रही है।

एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि किशोरी व मासूम की हत्या पुरानी रंजिश में हुई है। किशोरी के पिता रामराज ने अपने पट्टीदार चिल्लू कोल को हत्यारोपित बनाया है। कई साल पहले चिल्लू के दस वर्षीय भतीजे की जानवरों के लिए बिछाई गई तार के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। यह तार रामराज के चाचा ने बिछाया था। चार साल पहले चिल्लू के भाई ने रामराज के चाचा व चाची की हत्या कर दी थी। तभी से दोनों परिवार के बीच दुश्मनी चल रही है। यह दोहरा हत्याकांड भी उसी दुश्मनी में हुआ है। आरोपित को पकड़ लिया गया है। शनिवार को पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा।

मायके खिचड़ी का त्योहार महंगा पड़ा

रामराज की बड़ी बेटी माया कोल मकर संक्रांति मनाने अपने मायके आई थी। उसका चार वर्षीय बेटा अपनी मौसी के साथ नाना को खाना देने गया था। फिर घर लौट कर नहीं आया। मासूम का पिता विनोद कोल निवासी अमचेरनेरूआ का कहना है कि पुत्र अपनी मां माया देवी के साथ ननिहाल में खिचड़ी का त्योहार मनाने आया था। उससे क्या मालूम था। अब जिगर के टुकड़े को नहीं देख पाएगा।

पार्टी के नेताओं का लगा रहा तांता

दोहरे हत्याकांड के बाद भाजपा, कांग्रेस, बसपा व सपा के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिले। सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रंजना बरातीलाल पांडेय ने भाजपा सरकार पर हल्ला बोला। भाजपा के जितेंद्र मोहन शुक्ला ने पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया। कहा, पुलिस हर पहलू पर जांच कर हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।

जिले एक माह में दूसरा दोहरा हत्याकांड

जिले में एक माह के अंदर दूसरा दोहरा हत्याकांड हुआ है। 29 दिसंबर को प्रसिद्धपुर में कांग्रेसी नेता अशोक पटेल और उसके भतीजे शुभम पटेल की गांव के कमलेश रैकवार ने लाइसेंसी रायफल से गोली मार कर हत्या कर दी थी। अब मानिकपुर में किशोरी और मासूम को धारदार हथियार से मार कर फेंका गया है।

बार्डर पर भी दोहरा हत्याकांड

वहीं चार दिन पहले बार्डर पर मध्य प्रदेश के नयागांव थाना क्षेत्र में भी रविवार को शराब कंपनी में काम करने वाले हमीरपुर निवासी अनुज दीक्षित और सतना निवासी प्रिया सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

chat bot
आपका साथी