मनरेगा कार्य में धांधली का आरोप लगा श्रमिकों ने किया हंगामा

मनरेगा कार्य में धांधली का आरोप लगा श्रमिकों ने किया हंगामा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 30 May 2020 08:23 PM (IST) Updated:Sat, 30 May 2020 10:27 PM (IST)
मनरेगा कार्य में धांधली का आरोप लगा श्रमिकों ने किया हंगामा
मनरेगा कार्य में धांधली का आरोप लगा श्रमिकों ने किया हंगामा

जासं, चकिया (चंदौली) : मनरेगा कार्य में धांधली के साथ ही कार्य बंद करा दिए जाने से नाराज मुहम्मदाबाद ग्राम पंचायत के श्रमिक शनिवार को लामबंद हो गए। सैकड़ों की तादाद में महिलाएं, पुरुष फावड़ा, खांची लेकर ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच गए। सूचना पाकर ब्लाक पर पहुंचे ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र का घेराव कर श्रमिकों ने हंगामा किया और उनसे नोक-झोंक की।

आक्रोशित श्रमिकों ने आरोप लगाया ग्राम पंचायत में इसराइल के खेत स्थित तालाब, अजय जायसवाल के घर से जंगल तक कच्ची नाली की खोदाई, राजेंद्र प्रसाद जायसवाल के घर से छोटी नहर तक नाली खोदाई के कार्य में बमुश्किल तीन-चार दिन काम मिला, जबकि कार्य के लिए मस्टर रोल 15 से 20 दिन का निकाला गया है। बताया सुबह तालाब खोदाई का कार्य करने पहुंचे श्रमिकों को कार्य बंद होने पर घर को लौट जाने का फरमान प्रधान के चहेतों ने सुना दिया। इससे श्रमिक आक्रोशित हो गए और ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच गए। श्रमिकों ने कहा लॉकडाउन के चलते रोजगार सब बंद है। मनरेगा ही एकमात्र सहारा है, लेकिन ग्राम प्रधान मनरेगा में मामूली संख्या में मजदूरों को लगाकर फर्जी हाजिरी से धन हजम कर लेने की फिराक में हैं। ब्लाक पर खंड विकास अधिकारी सरिता सिंह के मौजूद नहीं रहने पर श्रमिकों ने घंटों हंगामा मचाया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन नहीं पहुंचा। ग्राम प्रधान के पहुंचने पर आक्रोशित श्रमिक नोक-झोंक पर आमादा हो गए। हालांकि ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीचंद ने समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि सभी श्रमिकों को काम मिलेगा। इस पर श्रमिक शांत हुए और लौट गए। प्रदर्शन करने वालों में श्रीप्रकाश गुप्ता, अवधेश कुमार, पिंटू चौहान, गंगा राम, मदन, शिवकुमारी, विकास समेत तमाम श्रमिक शामिल थे।

chat bot
आपका साथी