बच्चा चोरी की अफवाह पर महिला की पिटाई, कोतवाली में हंगामा

नगर के सोनकर बस्ती के लोगों ने शुक्रवार को बच्चा चोरी के संदेह में एक अधेड़ महिला की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद भारी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए और छानबीन कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। हंगामा शुरू किया तो पुलिस को डंडा पटककर सभी को तितर-बितर करना पड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Sep 2019 07:38 PM (IST) Updated:Sat, 07 Sep 2019 12:03 AM (IST)
बच्चा चोरी की अफवाह पर महिला की पिटाई, कोतवाली में हंगामा
बच्चा चोरी की अफवाह पर महिला की पिटाई, कोतवाली में हंगामा

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : नगर के सोनकर बस्ती के लोगों ने शुक्रवार को बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए और छानबीन कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। हंगामा शुरू किया तो पुलिस को डंडा पटक कर सभी को तितर-बितर करना पड़ा। कार्रवाई का भरोसा दिलाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया। उधर महिला ने बताया वह मालवीय नगर प्रयागराज की रहने वाली है और अपने देवर से मिलने नई बस्ती आई थी, जो नगर निगम वाराणसी में कर्मचारी है। पुलिस ने बयान के आधार पर प्रयागराज पुलिस से संपर्क साधा तो बताया गया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है और अक्सर थाने आती रहती है। उसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है।

सोनकर बस्ती के लोगों ने 55 वर्षीय महिला की बच्चा चोर समझ पिटाई कर दी। आरोप लगाया महिला एक बच्चे को जबरन मिठाई खिला रही थी। बड़े भाई ने देख लिया तो घरवालों को बताया। महिला के पहनावे और हावभाव से संदेह पुख्ता हो रहा था। बस्ती के लोगों ने पहले महिला की पिटाई की उसके बाद पुलिस को सूचना दी। महिला को थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गीता श्रीवास्तव निवासी मालवीय नगर प्रयागराज बताया। कहा वह पेशे से अध्यापक है और अपने देवर लल्लू से मिलने नई बस्ती आई थी। इसी बीच बड़ी संख्या में बस्ती के लोग कोतवाली पहुंच गए। कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा मचाने लगे। पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाया। कहा बच्चा चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। हंगामा करने वालों को डंडा पटक कर जबरन परिसर से बाहर निकालना पड़ा। कोतवाल शिवानंद मिश्र ने बताया महिला के बयान के आधार पर प्रयागराज पुलिस से वार्ता की गई। वाट्सएप के जरिए महिला की पहचान कराई गई। वहां से जानकारी मिली है कि वह प्रयागराज की ही रहने वाली है और मानसिक रूप से कमजोर है। अक्सर अपनी किसी न किसी शिकायत के साथ थाने आती रहती है। उधर पीड़ित महिला ने पिटाई करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने की बात कही। पुलिस के लिए सिरदर्द बनीं बच्चा चोरी की अफवाहें

बच्चा चोरी की अफवाहें पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही हैं। बेगुनाह भीड़ के गुस्से का शिकार बन रहे हैं। सबके पास बच्चा चोरी की कोई न कोई कहानी मौजूद है। लेकिन भुक्तभोगियों का सही पता और ठिकाना किसी को मालूम नहीं। बच्चा चोरी करते रंगे हाथ पकड़े जाने का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है लेकिन संदेह के आधार पर ही लोग कानून अपने हाथ में ले ले रहे हैं। पुलिस भी लगातार यह अपील कर रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और संदेह पर पुलिस को सूचना दें।

chat bot
आपका साथी