तहसील प्रशासन पर ग्रामीणों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

धीना क्षेत्र के असवरिया गांव के लोगों ने तहसील प्रशासन पर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 06:32 PM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 06:32 PM (IST)
तहसील प्रशासन पर ग्रामीणों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
तहसील प्रशासन पर ग्रामीणों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

जागरण संवाददाता, कमालपुर (चंदौली) : धीना क्षेत्र के असवरिया गांव के लोगों ने तहसील प्रशासन पर गरीबों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। रविवार को जहां गरीबों की चहारदीवारी व कच्चा मकान ढहा दिया वहीं पशुपालकों के उपलों का ढेर जेसीबी से नष्ट कर दिया।

आरोप है कि लेखपाल की गलत रिपोर्ट पर एसडीएम ने यह कार्रवाई की। ग्रामीणों ने कहा जिला प्रशासन गरीबों को न्याय दिलाए अन्यथा वे कलेक्ट्रेट पर धरना देंगे।

रविवार को एसडीएम ने जेसीबी लगाकर चहारदीवारी गिरा दी वहीं उपले नष्ट कर दिए। गांव के लेखपाल पर बराबर गलत कार्य का आरोप लगता रहा, उसकी शिकायत के बाद भी तहसील प्रशासन ने जांच नहीं की बल्कि उसकी रिपोर्ट पर गरीबों को उजाड़ना शुरू कर दिया। ग्राम समाज की जमीन से उन्हें बेदखल कर दिया। एक व्यक्ति को रास्ता दिलाने के नाम पर गरीब की 20 वर्षों से बनी चहारदीवारी ढहा दी। ग्रामीणों से गाली गलौज की और पुलिस लगाकर उन्हें घरों में कैद कर दिया। ग्रामीण अपनी बर्बादी का तमाशा घरों की खिड़कियों से देखते रहे। वे जमीन की नापजोख की मांग कर रहे हैं लेकिन एसडीएम आज तक विवादित जमीन की नापजोख नहीं करा सके हैं। एक व्यक्ति के घर तक रास्ता बनाने के लिए एक दर्जन लोगों का लाखों का नुकसान कर दिया गया। जबकि अमुक व्यक्ति के घर तक जाने के लिए कई रास्ते हैं। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में रोष है। पीड़ित रामदुलार यादव, प्यारे यादव, छोटेलाल, राकेश यादव ने एसडीएम की मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। कहा जिस व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए अधिकारी पहुंचे उसका सरकारी नाली, मिट्टी निकालने का स्थान व चकमार्ग पर कब्जा है। उस कब्जे को हटाने के बजाय गरीबों को उजाड़ा जा रहा है। वर्जन

ग्राम समाज की जमीन पर 14 लोगों का अवैध कब्जा है। उनका मामला एसडीएम न्यायालय में चल रहा है। उनका भी अवैध कब्जा हटाया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप गलत है।

पीपी मीणा, एसडीएम, सकलडीहा

chat bot
आपका साथी