दो किशोर कर्मनाशा में डूबे, एक का मिला शव

सैयदराजा थाना के हलुआ कर्मनाशा नदी घाट पर बुधवार की शाम स्नान

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 06:46 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 06:46 PM (IST)
दो किशोर कर्मनाशा में डूबे, एक का मिला शव
दो किशोर कर्मनाशा में डूबे, एक का मिला शव

जागरण संवाददाता, चंदौली : सैयदराजा थाना के हलुआ कर्मनाशा नदी घाट पर बुधवार की शाम स्नान के दौरान जलालपुर गांव निवासी दो किशोर डूब गए। स्थानीय लोगों ने अथक प्रयास कर लकी (12) का शव निकाला। घटना से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर को बुलाया और दूसरे किशोर सुल्तान (14) की तलाश की जा रही। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे।

जलालपुर गांव के बच्चे अक्सर स्नान के लिए नदी में जाते हैं। बुधवार को श्यामू पासवान का इकलौता बेटा लकी व निशार अली का पुत्र सुल्तान अपने दोस्तों के साथ शाम चार बजे नदी में स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान में लग गई कि कौन नदी को पार कर हलुआ तट पर पहले पहुंचेगा। दोनों तैरते हुए नदी को पार करने लगे। हलुआ घाट के पूर्व दोनों नदी की धारा में बहने लगे। देखते ही देखते दोनों डूब गए। यह देख उनके साथियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी घाट पर पहुंच गए और बेटों की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना करने लगे। एक घंटे प्रयास कर लकी का शव बाहर निकाला गया। शव बाहर आते ही स्वजन शव से लिपटकर रोने लगे। उधर सुल्तान के न मिलने पर परिवार के लोग परेशान थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। दो गोताखोर बुलाए गए, दोनों नदी में उसकी तलाश कर रहे। लकी कांटा पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह और सुल्तान इसी विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। दोनों के पिता मजदूरी करते हैं। दोनों किशोरों के डूबने से गांव का हर व्यक्ति दुखी था। लोग परिवार को ढांढ़स बंधाते रहे। शोक में बस्ती में चूल्हा तक नहीं जला। एसएचओ लक्ष्मण पर्वत ने कहा सुल्तान की तलाश गोताखोरों से कराई जा रही है। लकी का शव कब्जे में ले लिया गया है।

chat bot
आपका साथी