तहसील के पुराने भवन की दीवार गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत

जागरण संवाददाता नौगढ़ (चंदौली) नौगढ़ थाना के बाघी गांव में पुराने तहसील परिसर की जर्जर

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 07:15 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 07:15 PM (IST)
तहसील के पुराने भवन की दीवार गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत
तहसील के पुराने भवन की दीवार गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत

जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली) : नौगढ़ थाना के बाघी गांव में पुराने तहसील परिसर की जर्जर दीवार शुक्रवार को भरभरा कर गिर गई। इसके मलबे में दबने से गांव के किला रोड निवासी बिलासा देवी (43)की मौत हो गई। महिला दीवार के पास लगे हैंडपंप पर पानी भरने के लिए गई थी। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर तहसीलदार पहुंच गए, स्वजन को आर्थिक मदद का भरोसा दिया।

किला रोड निवासी डंगर मद्धेशिया की पत्नी बिलासा शुक्रवार की सुबह पानी भरने के लिए तहसील के पास लगे हैंडपंप पर गई थी। इसी दौरान जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। महिला दीवार के मलबे के नीचे दब गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने ईंट व मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और उसे निजी वाहन से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। तहसीलदार लालता प्रसाद ने स्वजनों को ढांढ़स बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जर्जर दीवार से हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन को कई बार प्रार्थना पत्र देकर दीवार को हटाने के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। यह हादसा तहसील प्रशासन की लापरवाही से हुआ है। मृतका को दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुत्री गुड़िया (23) की शादी हो चुकी है। खुशबू (17), विकास (19), सूरज (14) मां की मौत से सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। किला रोड पर जर्जर भवन दुर्घटना को दे रहे दावत

बाघी गांव स्थित किला रोड पर आधा दर्जन से अधिक मकान जर्जर स्थिति में हैं। इनके कभी भी धराशाई होने का खतरा बना हुआ है। इन भवनों के आसपास बच्चे खेलते रहते हैं। तहसीलदार लालता प्रसाद ने चौकी इंचार्ज राधा कृष्ण यादव को निर्देश दिया कि किला रोड पर जर्जर भवनों के मालिकों से संपर्क कर इन्हें धराशाई कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न होने पाए।

chat bot
आपका साथी