नगरवासियों को जाम से नहीं मिल रहा छुटकारा

पीडीडीयू नगर (चंदौली) नगरवासियों को जाम के झाम से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 06:29 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 06:29 PM (IST)
नगरवासियों को जाम से नहीं मिल रहा छुटकारा
नगरवासियों को जाम से नहीं मिल रहा छुटकारा

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : नगरवासियों को जाम के झाम से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। आए दिन नगर के विभिन्न स्थानों पर आड़े-तिरछे वाहनों के खड़ा होने से जाम लग जा रहा है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। प्रतिदिन लगने वाला जाम उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। यातायात सिपाही मूकदर्शक बने रहते हैं।

नगर में जाम लगना आम बात हो चुकी है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान आज तक प्रशासनिक अधिकारी खोजने में विफल साबित हुए हैं। दोपहर के समय जाम लगने पर स्कूली बच्चों को काफी दिक्कत होती है। घर पहुंचने में देर होने पर अभिभावक भी परेशान हो जाते हैं। वहीं एंबुलेंस के फंसने पर मरीज भी परेशान हो जाते हैं। जीटीआर ब्रिज के नीचे भूपौली की तरफ से आने वाले वाहन जब मुड़ते हैं तब भी जाम लग जाता है। वैसे प्रशासन समस्या से निजात दिलाने को प्रयासरत है। कहने को तो कई इलाकों में नो इंट्री का प्रावधान है, लेकिन यह नियम वास्तविक रूप से धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। चाहे बस हों या ट्रक आसानी से आते-जाते रहते हैं। बड़े वाहनों की आवाजाही से प्रतिदिन जाम लग रहा है। नगर के नईसट्टी, परमार कटरा, गल्लामंडी, काली मंदिर, सपा कार्यालय जीटी रोड जाम के लिए आम स्थान है। इसका मुख्य कारण सड़कों के किनारे अतिक्रमण है। हालांकि समय-समय पर अतिक्रमण के लिए अभियान भी चलाया जाता है, लेकिन स्थिति जस की तस हो जाती है।

chat bot
आपका साथी