बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र कर्मचारी को मारी गोली, चक्काजाम

जागरण संवाददाता चंदौली सदर कोतवाली के फगुइयां गांव में शुक्रवार की सुबह बड़ौदा यूपी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Jul 2021 04:56 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 12:19 AM (IST)
बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र कर्मचारी को मारी गोली, चक्काजाम
बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र कर्मचारी को मारी गोली, चक्काजाम

जागरण संवाददाता, चंदौली : सदर कोतवाली के फगुइयां गांव में शुक्रवार की सुबह बड़ौदा यूपी बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र कर्मचारी कैमूर जिले के चैनपुर थाने के हाटा गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद (25) को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों ने उनसे दस हजार रुपये रंगदारी मांगी थी। इसी में नोकझोंक हो गई। उनसे रुपयों भरा बैग छीनने के दौरान एक बदमाश ने पेट में गोली मार दी। आसपास के लोगों को आता देख दोनों लुटेरे बैग छोड़कर सकलडीहा की तरफ फरार हो गए। दिनदहाड़े हुए घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गुस्साए लोगों ने चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया।

एसपी अमित कुमार घायल से जिला अस्पताल में मिले, प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर कराया और घटनास्थल का जायजा लिया।

फगुइयां गांव निवासी जगदीश प्रसाद का गांव के मुख्य मार्ग पर मकान है। वे इसमें बड़ौदा यूपी बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है। शुक्रवार की सुबह जगदीश के रिश्तेदार जितेंद्र प्रसाद केंद्र खोलकर बैठे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे थे। रंगदारी नहीं मिलने के बाद बदमाश बैग छीनने में असफल हुए तो तमंचा से युवक के पेट में गोली मार दी। गोली पेट के निचले हिस्से में लगी है।

लचर कानून व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग के दोनों ओर बांस बांधकर चक्काजाम कर दिया। इससे एक घंटे के लिए आवागमन ठप हो गया था। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं बांस-बल्ली हटाकर आवागमन शुरू कराया।

एएसपी दयाराम ने बताया कि पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी