हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भोलेनाथ के दर्शन-पूजन और जला

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 07:53 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 07:53 PM (IST)
हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय
हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजे शिवालय

जागरण संवाददाता, चंदौली : सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भोलेनाथ के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर घर-परिवार व समाज की सुख समृद्धि की कामना की। सुबह से ही शिवालयों के बाहर भक्तों की कतार लग गई। दर्शन-पूजन का क्रम देर शाम तक जारी रहा। गंगा जल के साथ ही दूध से शिव का अभिषेक हुआ। शिवालय हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजते रहे। इससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मुख्यालय स्थित श्रीराम जानकी शिवमठ मंदिर में भक्तों ने सुबह से ही लाइन में लगकर भोलेनाथ का दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। लोगों ने दूध और गंगा जल से अभिषेक किया। भगवान शिव से वैश्विक महामारी से मुक्ति दिलाने की कामना की। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। चकिया प्रतिनिधि के अनुसार : सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों का रेला शिवालयों में उमड़ा। भक्त भोर से ही भोलेनाथ का जलाभिषेक करने को कतारबद्ध हो गए। भोर में आरती के बाद हर हर महादेव, बम-बम बोल के जयकारे के साथ शिव भक्तों ने बाबा का अभिषेक प्रारंभ किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। नगर समेत सिकंदरपुर स्थित शिव मंदिर भक्त पवित्र जल, दूध, दही से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। भांग धतुरा, बिल्व पत्र व माला फूल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। सकलडीहा प्रतिनिधि के अनुसार : सावन के प्रथम सोमवार को बरठी स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर में सैकड़ों की संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने शिवलिग का जलाभिषेक किया। मंदिर के बाहर पुरुष व महिलाओं ने पंक्तिबद्ध हो शिव के दरबार मे हाजिरी लगाई। महिलाओं ने मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सौ मीटर के दायरे में पुलिस तैनात रही। कस्बा के शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन किए। शिव कुंड में स्नान कर पुरुषों ने जलाभिषेक किया। सीओ व कोतवाल सहित अन्य अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। शिकारगंज प्रतिनिधि के अनुसार : सावन के पहले सोमवार को हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वरनाथ धाम व ग्रामीण अंचल के शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही लोगों ने लाइन में लगकर भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान गंगा जल और दूध से अभिषेक कर घर-परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। शिवालय हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहे।

शहाबंगज प्रतिनिधि के अनुसार : सावन के पहले सोमवार को शिव भक्तों ने शिवालयों में हाजिरी लगाई। भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन व जलाभिषेक किया। क्षेत्र के लाल पुर, लटांव, शिवपुर, करनौल, मसोई, गजधरा आदि गांव के मंदिरों में देर शाम तक दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहा।

chat bot
आपका साथी