20 घंटे बाद मिला गंगा में डूबे किशोर का शव

पीडीडीयू नगर (चंदौली) मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा खुर्द गांव के समीप गंगा में नहाते वक्त रविवार को डूबे किशोर का शव सोमवार की सुबह मिला।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 05:57 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 05:57 PM (IST)
20 घंटे बाद मिला गंगा में डूबे किशोर का शव
20 घंटे बाद मिला गंगा में डूबे किशोर का शव

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली): मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुंडा खुर्द गांव के समीप गंगा में नहाते वक्त रविवार को डूबे किशोर का शव सोमवार की सुबह मिला। एनडीआरएफ की टीम ने 20 घंटे बाद शव ढूंढकर निकाला। शव मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कब्जे में ले लिया। स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। परिवार को ढांढ़स बंधाने के लिए ग्रामीणों का आना जाना लगा रहा। नगर के पराहूपुर, विकास नगर कालोनी निवासी जितेंद्र शर्मा कुदरा में बाइक मैकेनिक का काम करते हैं। उनकी पत्नी अपने दो बेटे बिट्टू, आदित्य शर्मा व बेटी शिवांगी के साथ नगर में रहती हैं। रविवार की दोपहर में वह अपने मायके जा रही थी। बिट्टू मां को बस स्टैंड तक बाइक से छोड़ने के बाद दो दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने के लिए चला गया था। नहाते समय गहरे पानी में समा गया। डरे सहमे दोनों दोस्त वहां से चुपचाप चले गए। ग्रामीणों को संदेह हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। नदी किनारे पड़े कपड़े व चप्पल से किशोर की पहचान हो सकी। कई घंटे बाद किशोर के दोस्त रोहन व प्रिस सामने आए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। गोताखोरों ने किशोर की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अंत में एनडीआरएफ की टीम ने 20 घंटे बाद किशोर का शव बरामद किया। नदी से शव निकलते ही मां दहाड़े मारकर रोने लगी। दादा शंकर शर्मा भी बेसुध हो गए। किशोर के पिता जितेंद्र भी घर पहुंच गए। छोटा भाई आदित्य व छोटी बहन शिवांगी के आंखों के आंसू थम नहीं रहे थे।

chat bot
आपका साथी