'सेवामित्र' एप दिलाएगा कुशल कामगार, युवाओं को मिलेगा रोजगार

सेवामित्र एप दिलाएगा कुशल कामगार युवाओं को मिलेगा रोजगार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 07:57 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 10:50 PM (IST)
'सेवामित्र' एप दिलाएगा कुशल कामगार, युवाओं को मिलेगा रोजगार
'सेवामित्र' एप दिलाएगा कुशल कामगार, युवाओं को मिलेगा रोजगार

जागरण संवाददाता, चंदौली : वैश्विक महामारी के दौर में कामगारों की कमी से जूझ रही कंपनियों को जल्द राहत मिलने वाली है। सेवायोजन विभाग ने कुशल कामगारों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 'सेवामित्र' एप्लिकेशन लांच किया है। सेवा प्रदाता कंपनियों को एप्लिकेशन पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। विभाग कंपनियों की मांग के अनुसार दक्ष कामगारों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएगा। इससे कंपनियों को दक्ष कामगारों की नियुक्ति के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं युवाओं को भी स्थानीय स्तर पर नौकरी मिल जाएगी।

वैश्विक त्रासदी ने व्यापार जगत को तगड़ा झटका दिया है। फैक्ट्रियों में दो माह तक ताला लटक गया था। इसके चलते कंपनियों में कार्यरत मजदूर व कामगार घरों के लिए पलायन कर गए। शासन स्तर से छूट के बाद फैक्ट्रियां शुरू हुई तो कामगारों का टोटा परेशानी का सबब बना हुआ है। फैक्ट्रियों में आधा से भी कम मजदूर काम कर रहे हैं। इसके चलते उत्पादन प्रभावित हो रहा है। वहीं उद्यमियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कंपनियों में काम करने के लिए ढूंढ़ने पर भी कुशल कामगार नहीं मिल रहे हैं। संकट काल में तमाम तरह की मुसीबतों का सामना कर घर गए कामगार जल्दी वापस आने के मूड में नहीं है। ऐसे में उद्यमियों के लिए परेशानी बढ़ गई है। समस्या को देखते हुए सेवायोजन विभाग ने सेवामित्र एप्लिकेशन की शुरूआत की। प्रथम चरण में एप्लिकेशन के जरिए सेवा प्रदाताओं का पंजीकरण कराया जाएगा। दूसरे चरण में कुशल कामगारों का डाटा अपलोड किया जाएगा। इससे सरकार को भी कामगारों की संख्या व दक्षता के बारे में जानकारी मिल सकेगी। कार्यालय में जमा करानी होगी हार्डकॉपी

जिला सेवायोजन अधिकारी आरपी राम ने बताया कि सेवा प्रदाताओं को विभाग की वेबसाइट (सेवायोजन डॉट यूपी डॉट एनआइसी डॉट इन) होम पेज पर उपलब्ध आवेदन पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र के प्रारूप को डाउनलोड करना होगा। इसको बाकायदा भरकर हार्डकॉपी कार्यालय में जमा करानी होगी। सेवा प्रदाता कंपनियों को कुशल कामगारों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सेवामित्र एप्लिकेशन लांच किया गया है। उद्यमी सेवायोजन विभाग की वेबसाइट के जरिए आवेदन पत्र भरकर जमा कराएं। ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

-नवनीत सिंह चहल, जिलाधिकारी।

chat bot
आपका साथी