अनाज में सेंध लगाने वालों पर शिकंजा, आधार कार्ड की पड़ताल

गलत तरीके से अनाज का उठान करने वालों पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 03:37 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 03:37 PM (IST)
अनाज में सेंध लगाने वालों पर शिकंजा, आधार कार्ड की पड़ताल
अनाज में सेंध लगाने वालों पर शिकंजा, आधार कार्ड की पड़ताल

जागरण संवाददाता, चंदौली : गलत तरीके से अनाज का उठान करने वालों पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है। आधार कार्ड की पड़ताल शुरू हो गई है। इसके जरिए एक से अधिक स्थानों से सरकारी राशन लेने वालों को चिह्नित किया जा रहा। एक स्थान से उनका नाम कटेगा। योजना के पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन के लिए शासन ने आधार की पड़ताल शुरू कराई है। इससे अनियमितता पर लगाम लगेगी। वहीं दो स्थानों से राशन लेकर सरकार को चूना लगाने वालों पर भी शिकंजा कसेगा।

शासन की लाख कवायदों के बावजूद सार्वजनिक खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता नहीं आ रही। ऐसे तमाम कार्डधारक हैं, जिनका कई गांवों में राशन कार्ड है। वे हर माह राशन लेकर सरकार को लाखों का चूना लगा रहे हैं। इसको लेकर शासन अब अलर्ट हो गया है। आपूर्ति विभाग को सभी कार्डधारकों के आधार कार्ड की पड़ताल कराने का निर्देश दिया है। इसके जरिए एक से अधिक स्थानों से राशन लेने वाले कार्डधारकों को चिह्नित किया जाएगा। उनके नाम एक स्थान से हटाए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति को दो स्थानों से सरकारी राशन नहीं दिया जाएगा। पुरानी प्रक्रिया की वजह से सरकार को हर साल जहां हजारों टन अनाज का चूना लग रहा है। वहीं सरकारी राशन की कालाबाजारी भी होती है। कोटेदार राशन की ब्लैक मार्केटिग करते हैं। इससे योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।

वंचितों को मिलेगा लाभ

काफी संख्या में गरीब सार्वजनिक खाद्यान्न वितरण प्रणाली के लाभ से वंचित हैं। उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है, जबकि अपात्र योजना का लाभ ले रहे हैं। इसकी शिकायतें अक्सर मिलती रहती हैं। गरीब उच्चाधिकारियों से गुहार लगाते हैं। सख्ती के बाद अपात्रों का नाम सूची से कटेगा तो पात्रों को मौका मिलेगा। इससे योजना का उद्देश्य फलीभूत होगा। वहीं गरीबों को भी निवाले का संकट नहीं होगा।

वर्जन

कार्डधारकों के आधार कार्ड का सत्यापन कराया जाएगा। इसके जरिए दो स्थानों से राशन लेने वालों को चिह्नित किया जाएगा। एक स्थान से उनका नाम कटेगा। वहीं योजना से वंचित पात्रों के नाम शामिल किए जाएंगे।

देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी

chat bot
आपका साथी