चचेरे भाइयों पर गिरी कच्ची दीवार, एक की मौत, दूसरा घायल

कमालपुर (चंदौली) धानापुर थाना के कंवई पहाड़पुर गांव में बुधवार की रात मड़ई में सोए चचेरे भाइयों पर मिट्टी की कच्ची दीवार गिर गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 05:14 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 05:14 PM (IST)
चचेरे भाइयों पर गिरी कच्ची दीवार, एक की मौत, दूसरा घायल
चचेरे भाइयों पर गिरी कच्ची दीवार, एक की मौत, दूसरा घायल

जागरण संवाददाता, कमालपुर (चंदौली) : धानापुर थाना के कंवई पहाड़पुर गांव में बुधवार की रात मड़ई में सोए चचेरे भाइयों पर मिट्टी की कच्ची दीवार गिर गई। इससे पवन विद (18) की मौत हो गई। वहीं चचेरा भाई प्रह्लाद बिद (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से स्वजन सदमे में हैं। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनप्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के लोगों को ढांढ़स बंधाया।

पवन व प्रह्लाद बुधवार की रात खाना खाने के बाद नित्य की भांति घर के बाहर मड़ई में सोए थे। देर रात अचानक मड़ई की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार व छप्पर के नीचे दोनों दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर स्वजनों व आसपास के लोगों की नींद खुल गई। लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। पवन की सांसें थम चुकी थीं। वहीं प्रह्लाद गंभीर चोट से कराह रहा था। स्वजन आननफानन में उसे लेकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से माता-पिता समेत परिवार के लोगों को गहरा आघात लगा है। रो-रोकर उनका बुरा हाल रहा। शोक संतप्त परिवार के लोगों को ढांढ़स बंधाने के लिए जनप्रतिनिधि पहुंचे। ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, भाजपा नेता राजेश सिंह, अवधेश सिंह आदि ने स्वजनों से मिलकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

chat bot
आपका साथी