पूजीं गईं सृष्टि का विस्तार करने वाली मां कूष्मांडा

सृष्टि का विस्तार करने वाली देवी मां कूष्मांडा की शुक्रवार को पू

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 07:42 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 07:42 PM (IST)
पूजीं गईं सृष्टि का विस्तार करने वाली मां कूष्मांडा
पूजीं गईं सृष्टि का विस्तार करने वाली मां कूष्मांडा

जागरण संवाददाता, चंदौली : सृष्टि का विस्तार करने वाली देवी मां कूष्मांडा की शुक्रवार को पूजा-अर्चना हुई। माता के दर्शन पूजन को देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर का माहौल देवी गीतों से भक्तिमय हो गया था। सुरक्षा की ²ष्टि पुलिस कर्मियों ने श्रद्धालुओं को शारीरिक दूरी का पालन कराया। चंदौली में मां काली, श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर परिसर के देवी मंदिर, पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में हवन किया गया। पुजारी अभय चौबे ने कहा मां का यह स्वरूप सृष्टि के विस्तार का है। उन्होंने असुरों का संहार किया और सृष्टि का विस्तार किया। मां के स्वरूप की सच्चे मन से पूजा अर्चना करने से घर में धन धान्य, जन की वृद्धि होती है।

पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार वासंतिक नवरात्र के चौथे दिन भक्तों ने माता के कूष्मांडा के स्वरूप की पूजा की। सुबह ही नगर के देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मां की स्तुति कर सुख समृद्धि की कामना की। देवी मंदिर माता के जयकारों और घंटों की ध्वनि से गूंज उठे। भोर होते ही महिलाएं और किशोरी नंगे पैर हाथों में पूजा की थाली और जल लेकर मंदिरों की तरफ निकल पड़ीं। नगर के जीटी रोड स्थित काली मंदिर, लालबहादुर शास्त्री कटरा स्थित दुर्गा मंदिर, गल्लामंडी स्थित दुर्गा मंदिर, जीटी रोड स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर सहित तमाम देवी मंदिर भक्तों की भीड़ रही। माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।

चकिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के देवी मंदिर मां की जय-जयकार से गुंजायमान रहे। मां के दरबार में भक्तों ने मत्था टेका और परिवार के सुख एवं समृद्धि की कामना की। प्राचीन मां कालीजी मंदिर में भक्तों ने हाजिरी लगाई। प्रशासन के कड़े निर्देश के बाद भी सुबह 10 बजे भक्तों की भारी भीड़ कोरोना गाइड लाइन को दरकिनार करते हुए मंदिर में प्रवेश कर गई। नगर स्थित झंडा माता, दुर्गाजी मंदिर, हेतिमपुर स्थित मां दुर्गाजी आदि देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भोर में ही मंदिरों के पट खोल दिए गए। भक्तों ने श्रद्धा व विश्वास के अर्चन-पूजा किया। मां को पूजन सामग्री अर्पित की। दोपहर में श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं की भीड़ बढ़ गई। भक्त जयकारे व मां के भजन गाकर भक्ति में लीन दिखे। देरशाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही।

chat bot
आपका साथी