पूजीं गई मां कालरात्रि, दर्शन कर भक्त हो गए निहाल

जागरण संवाददाता चंदौली काल को जीतने वाली मां कालरात्रि की सोमवार को पूजा अर्चना हुई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 09:26 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 09:26 PM (IST)
पूजीं गई मां कालरात्रि, दर्शन कर भक्त हो गए निहाल
पूजीं गई मां कालरात्रि, दर्शन कर भक्त हो गए निहाल

जागरण संवाददाता, चंदौली : काल को जीतने वाली मां कालरात्रि की सोमवार को पूजा अर्चना हुई। कोरोना संक्रमण के चलते माता के दर्शन पूजन को देवी मंदिरों में श्रद्धालु की भीड़ लगी। हालांकि श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी का पालन किया और मां का आशीर्वाद लिया। मंदिरों में बज रहे देवी गीतों से माहौल भक्तिमय रहा। मां काली, श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर परिसर के देवी मंदिर, पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में पुजारी द्वारा हवन किया गया। पुजारी अभय चौबे ने कहा मां का यह स्वरूप काल को जीतने वाला है। मां की कृपा से सृष्टि का संचालन होता है। मां कालरात्रि जन्म, पालन और काल को जीतने वाली मां है। अखंड ज्योति व काले तिल से की गई पूजा से मां का अशीर्वाद मिलता है। सच्चे मन से पूजा अर्चना करने से घर में धन धान्य, जन की वृद्धि होती है। पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार चैत्र नवरात्र के सातवें दिन सोमवार को देवी मंदिरों में मां कालरात्रि की पूजा अर्चना की गई। तड़के से ही देवी मंदिरों पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने देवी मां को पान, सुपारी, चुनरी, नारियल आदि चढ़ाया। घर-परिवार में सुख, समृद्धि की कामना की। नवरात्र पर्व के सातवें दिन देवी के कालरात्रि रूप की पूजा के लिए देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों की भीड़ में महिलाओं तथा अविवाहित कन्याओं की भीड़ अधिक रही। भक्तों ने मां के कालरात्रि रूप की विशेष पूजा करके अपने परिवार के सुख, समृद्धि की कामना की। सभी मंदिरों में सुबह व शाम के समय भक्तों का आना जाना लगा रहा। सड़कों पर माता के जयकार लगाकर चलने वाले भक्तों की भीड़ से नगर का वातावरण देवीमय हो गया। नगर के जीटी रोड स्थित प्राचीन काली मंदिर, नईसट्टी स्थित दुर्गा मंदिर, गल्लामंडी स्थित दुर्गा मंदिर, रविनगर स्थित काली मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने स्वत: ही शारीरिक दूरी का पालन कर मां का दर्शन किया।

chat bot
आपका साथी