विद्युत उपकेंद्र पर गिरी आकाशीय बिजली, आपूर्ति ठप

जागरण संवाददाता चंदौली शुक्रवार की रात आकाशीय बिजली गिरने से मुख्यालय स्थित 132 केवी उपके

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:11 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:11 PM (IST)
विद्युत उपकेंद्र पर गिरी आकाशीय बिजली, आपूर्ति ठप
विद्युत उपकेंद्र पर गिरी आकाशीय बिजली, आपूर्ति ठप

जागरण संवाददाता, चंदौली : शुक्रवार की रात आकाशीय बिजली गिरने से मुख्यालय स्थित 132 केवी उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। केबल बाक्स जलने के साथ ही अन्य उपकरण खराब हो गए। इस घटना से जिलाधिकारी कार्यालय, नगर और अलीनगर फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

देर रात किसी तरह दूसरे फीडर से जोड़कर कुछ समय के लिए बिजली दी गई लेकिन यह तरकीब सफल नहीं हो सकी। शनिवार की दोपहर केबल बाक्स की मरम्मत व अन्य गड़बड़ी दूर करने के बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार की रात बारिश शुरू हुई। इस दौरान तेज हवा के साथ ही आकाशीय बिजली का प्रकोप भी रहा। आकाशीय बिजली उपकेंद्र पर भी गिरी। इससे केबल बाक्स धू-धूकर जलने लगा। ट्रांसफार्मर में भी खराबी आ गई। इससे कलेक्ट्रेट, नगर और अलीनगर फीडर से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

बारिश बंद होने के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों ने दूसरे फीडर से जोड़कर आपूर्ति शुरू की लेकिन बार-बार ट्रिपिग होती रही। विभाग की तरकीब कारगर साबित नहीं हुई। रात में कई घंटे तक बिजली गुल रही। सुबह भी बिजली के दर्शन नहीं हुए। इससे गर्मी में लोगों को परेशानी हुई। सुबह पेयजल की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। दोपहर तक जले केबल बाक्स और ट्रांसफार्मर के खराब उपकरणों को दुरूस्त किया गया। इसके बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी।

आकाशीय बिजली से बचाव को नहीं लगे उपकरण

आकाशीय बिजली की वजह से अक्सर विद्युत उपकेंद्रों में खराबी आ जाती है। इसको लेकर दो साल पहले ही योजना बनाई गई थी कि सभी उपकेंद्रों में ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे, जिसकी वजह से आकाशीय बिजली का प्रकोप न होने पाए। हालांकि विभाग इस योजना को आज तक अमलीजामा नहीं पहना सका। इससे बारिश के दिनों में अक्सर समस्या पैदा हो जाती है।

' आकाशीय बिजली की वजह से उपकेंद्र का केबल बाक्स जलने के साथ ही तकनीकी खराबी आ गई थी। इससे कलेक्ट्रेट, नगर और अलीनगर फीडर की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। शनिवार को इसे दुरूस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।

प्रशांत कुमार

एसडीओ

chat bot
आपका साथी