जिले में भी टाक्टे का असर, आंधी-पानी की आशंका
- अलर्ट - समुद्र के तटवर्ती राज्यों में तवाही मचा रहा चक्रवाती तूफान - मौसम विज्ञानियों ने लोगो
- अलर्ट
- समुद्र के तटवर्ती राज्यों में तवाही मचा रहा चक्रवाती तूफान
- मौसम विज्ञानियों ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
- जनपद में मौसम खराब हुआ तो बागवानी होगी प्रभावित
-----------------
जागरण संवाददाता, चंदौली : जिले में भी अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान 'टाक्टे' का 24 घंटे में असर दिखने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके चलते आंधी व बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी से बागवानी की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं बारिश से खलिहानों में और क्रय केंद्रों पर खुले में रखा गेहूं भींग सकता है। इससे किसानों की चिताएं बढ़ गई हैं। चक्रवाती तूफान केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र के तटवर्ती इलाकों में तवाही मचा रहा है। मध्य प्रदेश के रास्ते मीरजापुर होते हुए इसका असर जिले में भी दिख सकता है। इसके प्रभाव की वजह से हल्की बारिश व आंधी-तूफान की आशंका है। मौसम विज्ञानियों ने किसानों को सलाह दी है कि अनाज आदि खुले आसमान के नीचे न रखें। यदि रखा है तो इसे बाकायदा तिरपाल आदि के ढंक दें। ताकि बारिश से अनाज भींगने न पाएं। इस समय बागवानी में आम के पेड़ फलों से लदे हैं। तेज आंधी से नुकसान पहुंच सकता है। फल झड़कर गिर जाएंगे। इससे बागवानों को क्षति उठानी पड़ सकती है। मौसम विज्ञानी कृष्णमुरारी पांडेय ने बताया कि टाक्टे का असर जिले में दिख सकता है। आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसलिए किसान सावधानी बरतें। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। किसान खुले आसमान के नीचे अनाज न रखें। उन्हें नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।