कैसे रुकेगी महामारी, जब लोग नहीं समझ रहे जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) कोरोना संक्रमण एक बार फिर से पांव पसारने लगा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 09:26 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 09:26 PM (IST)
कैसे रुकेगी महामारी, जब लोग नहीं समझ रहे जिम्मेदारी
कैसे रुकेगी महामारी, जब लोग नहीं समझ रहे जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : कोरोना संक्रमण एक बार फिर से पांव पसारने लगा है। प्रशासन ने रात्रि क‌र्फ्यू लगा दिया है लेकिन महामारी कैसे रुकेगी, जब लोग ही अपनी ही जिम्मेदारी नहीं समझ रहे। बिना मास्क के ही नगर में लोग खरीदारी करने आ जा रहे हैं। शारीरिक दूरी की भी धज्जियां उड़ रही। सुबह शाम पुलिस डंडा पटककर कार्य की इतिश्री कर ले रही है। लापरवाह लोगों से स्थिति और भयावह बन सकती है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लोगों को खुद सजग रहना होगा ताकि दूसरों की भी जान बची रहे। प्रशासन को भी और सख्त होने की आवश्यकता है। जानलेवा महामारी कोरोना संक्रमण का प्रसार तेजी से बढ़ने लगा है। एक साल पहले शुरूआती दिनों में कोरोना तेजी से बढ़ने लगा तो लोग भी सतर्कता बरतने लगे। धीरे धीरे स्थिति सामान्य होने लगी। लगभग एक साल के बाद फिर से स्थिति भयावह होने लगी है। रोजाना हजारों की संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाने की आवश्यकता है लेकिन कुछ लोग लापरवाह बने हुए हैं। बाजार में बिना मास्क के लोग आ जा रहे हैं। पुलिसिया कार्रवाई न होने के कारण लोग बेपरवाह हो गए हैं। जबकि प्रशासन लगातार लोगों से मास्क लगाकर बाजार में आने की अपील कर रहा है। बावजूद इसके अधिकांश लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। लोगों की लापरवाही यह है कि वे तो खुद खतरे को दावत दे रहे हैं। साथ ही दूसरों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। अगर स्थिति ऐसी ही बनी रहती तो महामारी पर काबू पाना मुश्किल हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी