होली पर डीजे बजाने के विवाद में मारपीट, एक की मौत, तीन घायल

बबुरी थाना क्षेत्र के हड़िरका गांव में होली के दिन सोमवार की शाम डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने बड़ी घटना का रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Mar 2021 03:33 PM (IST) Updated:Tue, 30 Mar 2021 03:33 PM (IST)
होली पर डीजे बजाने के विवाद में मारपीट, एक की मौत, तीन घायल
होली पर डीजे बजाने के विवाद में मारपीट, एक की मौत, तीन घायल

जागरण संवाददाता, बबुरी (चंदौली) : बबुरी थाना क्षेत्र के हड़िरका गांव में होली के दिन सोमवार की शाम डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने बड़ी घटना का रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए। इसमें अर्जुन (55) की मौत हो गई, जबकि निहोर (50), ऊदल (30) और सोहन (28) घायल हो गए। दबंगों ने पीड़ित पक्ष के लोगों के टिनशेड नुमा तीन तीन मकान और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिग भी की। ताज्जुब कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह थाने का घेराव किया। चकिया-पीडीडीयू नगर मार्ग पर कुछ समय के लिए चक्काजाम भी कर दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया।

गांव में सोमवार की रात लगभग आठ बजे डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष के लोग लामबंद होकर दूसरे पक्ष पर टूट पड़े और लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पहले से ही पुलिस मौजूद थी लेकिन दबंगों को रोकने में नाकाम रही। घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि अर्जुन की रास्ते में ही मौत हो गई। इससे दूसरे पक्ष के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मंगलवार की सुबह दर्जनों की संख्या में महिलाएं और पुरुष थाने पहुंचे। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए घेराव कर दिया। चकिया-पीडीडीयू नगर मार्ग पर धरना पर बैठ गए। इससे आवागमन ठप हो गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने 11 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर चक्काजाम समाप्त कराया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 11 के खिलाफ हत्या, मारपीट और बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही अन्य भी पकड़ लिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी