घटने लगीं गंगा, 24 घंटे में 75 सेंटीमीटर खिसका जलस्तर
जागरण संवाददाता टांडाकला (चंदौली) गंगा के तटवर्ती इलाकों के ग्रामीणों के लिए राहत भरी
जागरण संवाददाता, टांडाकला (चंदौली) : गंगा के तटवर्ती इलाकों के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। जलस्तर अब खिसकने लगा है। पिछले 24 घंटे में 75 सेंटीमीटर जलस्तर कम हुआ है। वर्तमान में जिले में जलस्तर 67 मीटर पर स्थिर है। यहां खतरे का बिदु 71.262 मीटर निर्धारित है। ऐसे में गंगा खतरे के निशान से अभी चार मीटर नीचे बह रही हैं।
हालांकि पिछले कई दिनों तक जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया था। इससे ग्रामीण सशंकित हो गए थे।
गंगा के किनारे पीडीडीयू नगर और सकलडीहा तहसील के 120 गांव बसे हैं। गंगा के जलस्तर में वृद्धि की वजह से इन गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीण कई बार भीषण बाढ़ और कटान का दंश झेल चुके हैं। इस बार पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से गंगा के जलस्तर में तेजी से इजाफा होने लगा था। पिछले एक सप्ताह से जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। जिले में चार सेंटीमीटर प्रति घंटा की वृद्धि दर आंकी गई थी। गंगा में उफान से आसपास बसे ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया था। इसको लेकर प्रशासन भी अलर्ट हो गया था। नाव, गोताखोरों की टीम को अलर्ट करने के साथ ही 30 अफसर-कर्मचारियों को बाढ़ की स्थिति से निबटने के लिए दक्ष बनाया गया था। वहीं एनडीआरएफ की टीम भी प्रशासन के संपर्क में है। हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे से गंगा का जलस्तर खिसकने लगा है। इससे ग्रामीणों के साथ ही प्रशासनिक अमला राहत महसूस कर रहा। अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि गंगा के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। वैसे, प्रशासन हर तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।